ओवरटेक करने पर ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी, मारपीट का वीडियो वायरल
उदयपुर, 22 मार्च। राजस्थान के उदयपुर जिले के देबारी इलाके में ओवरटेक को हुए विवाद में लोगों ने पीट-पीटकर ऑटो चालक की हत्या कर दी। पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑटो ड्राइवर सोमवार शाम करीब छह बजे हाईवे किनारे अधमरा हालात में मिला था। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार राजसमंद के मोलेला गांव निवासी 16 वर्षीय भाया उदयपुर में रहकर भंगार का काम करता था। सोमवार शाम को वह ऑटो में सामान भरकर डबोक जा रहा था। इसी दौरान घाटा वाली माताजी के पास बाइक सवार से ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद बाइक सवार लोगों ने उसे रुकवाया और मारपीट की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग मृतक को थप्पड़ और लात-घूंसे मारते नजर आ रहे। ऑटो चालक भाया अपनी जान की भीख मांगता दिख रहा। मारपीट करने वाले लोगों ने उसकी एक नहीं सुनी। ऑटो चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पिटाई करने वाले मृतक को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। इस दौरान मौके से मृतक का कोई जानकार निकला। उसने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद कालबेलिया समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। देर रात एमबी अस्पताल के बाहर समाज के सैकड़ों लोग जमा हो गए। देर रात सूचना पाकर प्रतापनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। इसके बाद शव मोर्चरी में रखवाया गया। आक्रोशित समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव उठाने से मना कर दिया।
थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पड़ताल करते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए उदयसागर गांव निवासी ओमप्रकाश उर्फ पप्पू, महेंद्र सिंह और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications