Damoh: वृंदावन से लौट रहे तीर्थयात्रियों का वाहन पलटा, एक की गई जान, 4 महिलाएं गंभीर घायल
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र इलाके में टीकमगढ़-सागर हाईवे पर रविवार को तीर्थ यात्रियों से भरा गामा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना गड़ाघाट नाले के पास हुई। हादसे में 55 वर्षीय राजेंद्र आठिया की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग मथुरा-वृंदावन से तीर्थ यात्रा कर अपने घर दमोह लौट रहे थे।

बड़ागांव थाना पुलिस के अनुसार हाईवे रोड पर बड़ागांव से आगे गड़ाघाट पुल के पास वाहन पलटने की सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा तो गामा वाहन सड़क किनारे पड़ा था। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र आठिया को इलाज के लिए जिला अस्पताल रवाना किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना में 4 महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हैं। चारों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल रवाना किया गया।
धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे, 14 लोग सवार थे
पुलिस ने बताया कि गाड़ी में 14 लोग सवार थे। मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
दमोह जिले के निवासी हैं तीर्थयात्री
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि वाहन में सवार सभी लोग दमोह जिले के मंडला खिरिया के रहने वाले हैं। सभी लोग तीर्थ यात्रा करने मथुरा वृंदावन गए थे। आज गामा वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।












Click it and Unblock the Notifications