केरल में 3.5 करोड़ रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने भाजपा नेताओं को थमाया नोटिस, बीजेपी बोली...
विधानसभा चुनावों से 3 दिन पहले केरल में हुई 3.5 करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस ने भाजपा के दो नेताओं को नोटिस जारी किया है।
तिरुवनंतपुरम, 23 मई। विधानसभा चुनावों से 3 दिन पहले केरल में हुई 3.5 करोड़ की चोरी के मामले में पुलिस ने भाजपा के दो नेताओं को नोटिस जारी किया है। त्रिशूर पुलिस के सूत्रों के अनुसार, अपराध शाखा ने शनिवार को भाजपा के राज्य महासचिव (संगठन) और भाजपा के राज्य कार्यालय सचिव जी गिरीशन और आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक एम गणेशन को नोटिस जारी किया है।

बता दें कि 3 अप्रैल को त्रिशूर-कोची हाईवे पर 3.5 करोड़ रुपए की चोरी हुई थी। चोरी के मामले में पूछताछ के लिए भाजपा के इन नेताओं को पुलिस ने नोटिस जारी किया है। राज्य की सत्ता पर काबिज वाम मोर्चा ने आरोप लगाया था 3.5 करोड़ की चोरी की साजिश स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा अप्रयुक्त चुनावी धन साझा करने के लिए खुद ही रची गई थी। पुलिस ने भाजपा के दोनों नेताओं को रविवार को जांच दल के समक्ष पेश होने को कहा है।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य सुविधाओं की खस्ताहाल स्थिति के कारण झोलाछाप डॉक्टरों पर कोरोना का इलाज कराने को मजबूर ग्रामीण
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने कहा कि इस घटना से पार्टी का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और एनडीए किसी के पास अवैध फंड नहीं है और केरल चुनाव में हमने सिर्फ डिजिटल लेनदेन किया है। भाजपा नेताओं से इस मामले में पूछताछ केवल एक ड्रामा है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस का कहना है कि एक गिरोह ने पैसे लूटे थे, फिर पुलिस अभी तक उस गिरोह को पकड़ क्यों नहीं पाई है। सुरेंद्रन ने आगे कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में कोई अवैध धन इस्तेमाल नहीं किया है।
गौरतलब है कि मतदान के बाद 7 अप्रैल को एक कार चालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। चालक ने पुलिस को बताया कि यह पैसा कोझीकोड के व्यवसाई और आरएसएस कार्यकर्ता एके धर्मराजन का है। वहीं, धर्मराजन ने दावा किया कि उन्हें यह पैसा भाजपा युवा मोर्चा की राज्य इकाई के पूर्व नेता सुनील नाइक से मिला था।
वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस ने कहा कि पुलिस में केवल 25 लाख की चोरी का मामला दर्ज कराया गया था लेकिन चोरी की वास्तविक रकम 3.5 करोड़ है। पुलिस ने आगे कहा कि हमने 1 करोड़ रुपया बरामद कर लिया है और बाकी पैसा गैंग ने आपस में बांट लिया है और उसे अलग-अलग जगहों पर छुपा दिया है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही सारा पैसा बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस ने अभी तक इस मामले मं 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications