'कोरोना फैलाएगी', सरकारी डॉक्टर से सूरत में पड़ोसी ने ऐसे की बदसलूकी, VIDEO
सूरत। गुजरात में सूरत के सरकारी अस्पताल की महिला डॉक्टर को उसके पड़ोसियों ने प्रताड़ित किया। पड़ोसियों ने डॉक्टर के कोरोना संक्रमित होने का आरोप लगाया। उससे गाली-गलौच की गई। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। उस वीडियो में दिख रहा है कि, एक शख्स और उसके परिजन एक महिला का बुरा-भला कह रहे हैं। उसे धमका रहे हैं। उस वीडियो को किसी महिला ने रिकॉर्ड किया।
संवाददाता ने बताया कि, इस मामले में चेतन महेता नामक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित डॉक्टर का कहना है कि, मुझसे पड़ोसियों ने बदसलूकी की। अस्पताल में रहने के कारण वो मुझे कोरोना संक्रमित बताने लगे और कहने लगे कि तुम्हारी वजह से हम नहीं बचेंगे। मेरे साथ उन्होंने बहुत अभद्र व्यवहार किया। जब मैं अपने पालतू कुत्ते के साथ बाहर गई, तो गालियां भी दी गईं।

वीडियो में दिख रहा है कि, एक शख्स गुस्से में डॉक्टर के घर में घुसा चला आता है। वह जोर-जोर से चिल्ला रहा है और वहीं कुछ अन्य पड़ोसी भी खड़े दिख रहे हैं। वह कुछ गालियां अंग्रेजी में देता है। वह डॉक्टर को वीडियो नहीं बनाने के लिए धमका रहा है। हालांकि, कोई महिला लगातार उस वीडियो को रिकॉर्ड कर रही है और बीच में आ रही एक आंटी को दूर हटने के लिए कहती सुनाई दे रही है।
ऋचा चड्ढा बोलीं- इसे तो जेल में होना चाहिए
डॉक्टर से बदसलूकी पर बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने भी निशाना साधा है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर आरोपी को जेल भिजवाने की मांग की। उन्होंने लिखा कि, ये क्या हो रहा है, इस शख्स को तो जेल में होना चाहिए।' मालूम हो कि, कोरोना-संकट के बीच कई जगहों पर डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ से पब्लिक द्वारा गलत व्यवहार किए जाने की अब तक काफी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक ओर डॉक्टर अपनी जान को जोखिम में डालकर कोरोना पीड़ितों की सेवा कर रहे हैं, वहीं उनके पड़ोसी या मकान मालिक उनसे दूरी बना रहे हैं। ऐसी ही घटना मध्यप्रदेश से सामने आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications