सूरत अग्निकांड: 22 बच्चों की मौत मामले में बिल्डर समेत 14 आरोपियों पर सुनवाई पूरी, फैसला 19 को
सूरत. गुजरात में सूरत के सरथाणा स्थित तक्षशिला आर्केड में भीषण अग्निकांड में 22 बच्चों की माैत होने के बाद से ही उनके परिजन आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं। इस मामले में अभियुक्तों के खिलाफ पेश किए गए प्रपोज चार्ज पर बुधवार को कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। कोर्ट ने अपना फैसला 19 मार्च तक सुरक्षित रख लिया है। अभियुक्तों के खिलाफ सरकार पक्ष की ओर से प्रपोज चार्ज पेश किया गया था।

बता दें कि, तक्षशिला अग्निकांड मामले में कुल 14 आरोपी हैं, जिन्हें पुलिस ने गैर इरादातन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश की थी। इन आरोपियों में मनपा अधिकारी और बिल्डर भी शामिल हैं। यह मामला चार्जफ्रेम की करवाई के लिए सेशन कोर्ट में लंबित है। इससे पहले सरकार पक्ष की ओर से अभियुक्तों के खिलाफ प्रपोज चार्ज पेश किया गया, जिस पर सेशन कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। इसके अलावा कुछ अभियुक्तों ने डिस्चार्ज याचिका भी पेश की है। बुधवार को कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान प्रपोज चार्ज और डिस्चार्ज याचिकाओं पर सुनवाई पूरी हो गई। कोर्ट ने अपना फैसला 19 मार्च तक सुरक्षित रख लिया।
9 माह छिपा रहा था आरोपी बिल्डर
22 बच्चों की माैत होने के बाद से ही फरार आरोपी बिल्डर फरवरी में गिरफ्त में आ चुका है। बिल्डर दिनेश कांजी वेकरिया को सूरत क्राइम ब्रांच ने सलाबतपुरा से गिरफ्तार किया। वह पिछले 8 महीने से फरार था और पुलिस को पता ही नहीं था कि वह कहां छिपा है। तक्षशिला आर्केड बिल्डिंग में चल रहे कोचिंग सेंटर में अग्निकांड की घटना 24 मई 2019 को हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications