गुजरात: दूषित पेयजल से 6 लोगों की जान गई, 50 अस्पताल में भर्ती, आश्रितों को 1 लाख रु. की मदद
सूरत। गुजरात में सूरत जिले के कठौर गांव में दूषित पानी का सेवन करने के चलते लोगों की तबियत बिगड गई। 6 जनों की जान चली गई और 50 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। प्रारंभिक पडताल में सामने आया है कि ये ग्रामीण दूषित पानी के सेवन से बीमार पड़े। घटना 30 और 31 मई की बताई जा रही है, जब सूचना मिलने पर सूरत नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी विवेक नगर कॉलोनी पहुंचे और लोगों के बीच क्लोरीन की दवा बांटी।

लोग उल्टी और दस्त जैसी दिक्कतों से पीड़ित थे। जिनकी तबियत बिगडी उन्हें इलाज के लिए पास के सरकारी और निजी अस्पतालों में ले जाया गया। वहीं, स्थानीय नेता दर्शन नायक ने सूरत नगर निगम पर लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद की भी मांग की। उसके बाद सूरत की मेयर हेमाली वोघावाला ने बुधवार को स्थिति का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों को एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

मेयर हेमाली वोघावाला कहा कि, कॉलोनी में पानी की आपूर्ति बहाल होने तक पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। पाइपलाइन से ग्रामीणों के घरों तक पानी की जांच के लिए वाटर टेस्टिंग वैन भी भेजी जा रही है। बता दिया जाए कि, कठौर गांव को हाल ही में सूरत के शहरी क्षेत्र में शामिल किया गया था।
वहीं, पीडि़तों के परिजनों का कहना है कि, पीने का पानी बहुत खराब था। जिसे पीने से कई लोगों की जान चली गई। निरीक्षण के दौरान पता चला कि पेयजल पाइप लाइन में लीकेज था और जल निकासी वाला पानी उसमें मिल गया था।












Click it and Unblock the Notifications