गुजरात विधानसभा चुनाव में कितने वोटर होंगे इस बार, कितने वोटिंग सेंटरों पर सिर्फ महिलाएं ही डालेंगी वोट? जानिए
सूरत। गुजरात विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होंगे। इन चुनाव के मद्देनजर भारतीय निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से जुड़े अहम आंकड़े जारी कर दिए हैं। आयोग की फाइनल सूची के मुताबिक, गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में मतदान करने के लिए 4.90 करोड़ से ज्यादा लोग रजिस्टर्ड हो चुके हैं। वहीं, इस बार 1417 थर्ड जेंडर के मतदाता होंगे।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि, उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में राज्य के मतदाताओं की फाइनल सूची घोषित कर दी गई है। जिसके अनुसार, प्रदेश में कुल 4 करोड़, 90 लाख, 89 हजार, 765 मतदाता हैं। इन मतदाताओं के आधार पर 2022 का विधानसभा चुनाव होगा। 11 लाख, 62 हजार 258 नए युवा मतदाता सूची में जुड़े हैं। 2 करोड़, 53 लाख, 36 हजार 601 पुरुष मतदाता हैं। जबकि, 1417 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं।
अधिकारियों ने बताया कि, इस बार विधानसभा चुनाव में 50% मतदान केंद्रों पर वेब कैमरे लगाए जाएंगे। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने 12 दिन पहले गुजरात के चुनाव की तैयारी के बारे में बताया कि मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर रहेंगे। इतना ही नहीं, इस बार विकलांग और दिव्यांग के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। 7 मतदान केंद्र ऐसे होंगे, जहां सिर्फ महिला मतदान करेंगी। इसमें महिला पोलिंग अधिकारी और पुलिस भी महिला होगी। सभी केंद्रों पर एक दिव्यांग बूथ होगा।

सूरत में कितने मतदाता हो गए हैं, इस सवाल के जवाब में निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि, सूरत जिले की 16 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 47 लाख 39 हजार 201 मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि, कुल मतदाताओं में 21,92,109 महिला और 25 लाख 46 हजार पुरुष मतदाता हैं। वहीं, यहां की विधानसभा क्षेत्रों में 159 ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications