सूरत सिविल अस्पताल से भागा कोरोनावायरस का संदिग्ध मरीज, कई टीमें खोजती रहीं, 24 घंटे बाद खुद हुआ भर्ती
सूरत. चीन में फैले कोराना वायरस के चलते भारत के भी कई राज्यों में लोग खौफजदा हैं। वुहान से लाए गए गुजरात के लोग अस्पतालों में निगरानी में रखे गए हैं। यहां पिछले तीन दिन में तीन संदिग्ध मरीज सामने आ चुके हैं। इसी मर्तबा एक मरीज सूरत के सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से रफ्फूचक्कर हो गया। डॉक्टर उसे खोजने लगे, लेकिन वह अस्पताल में कहीं नहीं मिला। आखिर में वह संदिग्ध मरीज खुद स्मीमेर अस्पताल में हाजिर हो गया। 24 घंटे तक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम उस तक नहीं पहुंच पाई थी। वह खुद ही बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह स्मीमेर अस्पताल पहुंच गया, जिसके बाद इसकी जानकारी सिविल अस्पताल प्रबंधन को दी गई। इसके बाद मनपा स्वास्थ्य विभाग की दो से तीन टीमें अस्पताल पहुंचीं।

अब संदिग्ध आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
अब वह संदिग्ध मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। ब्लड सैंपल लेकर उसे पुणे लैब भेज दिया गया। डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे भरोसा दिलाया है कि वह ठीक है और कुछ सरकारी प्रक्रिया पूरी होते ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

वह मरीज घबरा गया था, इसलिए भाग गया था
बता दें कि, वह मरीज मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से भागा था, जिसके बाद अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। तब से ही खटोदरा और वराछा पुलिस संदिग्ध की तलाश में थी। कई टीमें उसकी तलाश में जुटीं थीं, लेकिन वह नहीं मिला था। अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग लगातार उससे फोन से सम्पर्क कर रहे थे और उसे अस्पताल आने के लिए मनाते रहे। डॉक्टरों का कहना है कि वह मरीज घबरा गया था, इसलिए भाग गया था।

हर देश से आने वाले नागरिक की जानकारी देनी होगी
वहीं, मनपा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. पी उमरीगर ने बताया कि हमारे पास चीन से आए हुए लोगों की लिस्ट है। हालांकि, अन्य देशाें से आने वाले मरीजों की जानकारी नहीं हैं। वायरस तो चीन से ही फैला है, इसलिए उधर से आने वालों को विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। साथ ही जिला कलेक्टर को कहा गया है कि अब हर देश से आने वाले नागरिक की जानकारी हमें दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications