सूरत: केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटा, भीषण आग से बचने के लिए तीसरी मंजिल से कूद गया मजदूर
सूरत. गुजरात में सूरत के पांडेसरा जीआईडीसी में स्थित वॉकी टोजियम केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। अचानक हुए इस ब्लास्ट में एक के बाद एक कई धमाके हुए। जिससे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। एक मजदूर तो जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से ही कूद गया। जख्मी होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे मशक्कत करनी पड़ी।

सूरत की फैक्ट्री में हुआ भीषण हादसा
संवाददाता के अनुसार, उक्त फैक्ट्री के मालिक कौशलभाई और बंसीभाई हैं। फैक्ट्री में केमिकल के रॉ-मटेरियल के साथ कपड़ा डाइंग-हाउस के लिए केमिकल बनाया जाता है। वहां केमिकल के जलने से एक के बाद एक कई ब्लॉस्ट हुए। जिससे धुंआ और गैस दूर-दूर तक फैल गई। आग काफी दूर से नजर आ रही थी। उसे देखने के लिए घटनास्थल के नजदीक लोगों की भीड़ लग गई।

25 दमकलें बुलवाई गईं, तब बुझी आग
आग बुझाने के लिए, 20 से ज्यादा दमकल की गाड़ियों को बुलवाया गया।बताया जा रहा है कि, घटना के वक्त फैक्ट्री में 50 मजदूर काम कर रहे थे। काफी मात्रा में केमिकल होने के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आईं।
फायर डिपार्टमेंट के ऑफिसर ने कहा कि, फैक्ट्री में फायर-सेफ्टी के संसाधन थे, किंतु उनकी एनओसी नहीं थी। इसके लिए, फैक्ट्री मालिकों पर कार्रवाई की जा सकती है।

..तो यहां मच जाती भयंकर तबाही
संवाददाता ने बताया कि, उस फैक्ट्री में कई खतरनाक केमिकल थे, पर आग उन तक नहीं पहुंचने के कारण बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, सिविल हॉस्पिटल में इलाज करवा रहे घायल मजदूर अमन सिंह का कहना है कि, मेरे दो साथी गायब हैं। मैंने नीचे कूदकर जान बचाई, लेकिन बहुत चोटें आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications