Gujarat: 27 सीटें जीतकर इतिहास रचने वाली AAP ने गंवाए 5 पार्षद, BJP में आए, बता रही 'गद्दार'
Gujarat: 27 सीटें जीतकर इतिहास रचने वाली AAP ने गंवाए 5 पार्षद, BJP में आए, बता रही 'गद्दार'
सूरत। गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) ने सूरत के नगर निगम चुनाव में पहली बार में ही 27 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया था। अब आप आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है। हालांकि इससे पहले आप को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, आप के 5 पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया और वे भाजपा के चले गए हैं। इससे आप की आलाकमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनसे सचेत किया है।

गुजरात में आम आदमी पार्टी को झटका
आम आदमी पार्टी ने इस्तीफा देने वाले पार्षदों को 'गद्दार' साबित करने की मुहिम भी छेड़ दी है। इसलिए, आप के कार्यकर्ता सूरत में घर-घर जाकर लोगों को बता रहे हैं कि वे ऐसे लोगों से सचेत रहें जिन्होंने आपकी सेवा के लिए हमारा हाथ थामा और फिर छोड़ गए। बता दें कि, विपुल मौलिया, भावनाबेन सोलंकी, ज्योतिकाबेन लाठिया, मनीषाबेन कुकड़िया और रूता काकड़िया आप के वो पार्षद थे, जिन्होंने केजरीवाल की पार्टी छोड़ी। उसके बाद वह भाजपा के प्रदेश कार्यालय कमलम पहुंचे और गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी, प्रदेश भाजपा महासचिव प्रदीपसिंह वाघेला और प्रशांत कोराट की मौजूदगी में भाजपा ज्वॉइन कर ली।

आप के लिए बड़ा नुकसान माने जा रहे
राजनीति के जानकारों का मानना है कि, 5 पार्षदों के चले जाने से अब आप के पास 22 पार्षद रह गए हैं और यह विधानसभा चुनाव से पहले आप के लिए एक झटका है। इससे यह डर भी बैठ गया है कि कहीं और पार्षद आप न छोड़ दें। चूंकि, 27 पार्षदों के चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने गुजरात में पैर जमाने के दावे किए थे। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 5 पार्षदों ने आप को झटका दे दिया। लिहाजा भाजपा में उनका चले जाना आप के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। चूंकि, नगर निगम चुनाव में सिर्फ सूरत में ही आप को सफलता मिली थी। बाद में हुए गांधीनगर नगर निगम चुनाव और निकाय चुनाव में आप का कोई असर नहीं दिखा।

आखिर क्यों छोड़ी आप?
आप को छोड़ने वाले पांच पार्षदों ने आप पार्टी नेताओं पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि, उनकी वहां कद्र नहीं थी, इसलिए सूरत महानगर पालिका के उन पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया। पार्षद भावना सोलंकी तो आप पार्टी के प्रदेश आलाकमान पर खुद को अछूतों जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि, हमें केजरीवाल के साथ होने का फायदा नहीं मिला।

इस तरह पहना भगवा
जब आप छोड़ने वाले पार्षदों ने भाजपा में जाने का फैसला किया था, गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी व भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रदीपसिंह वाघेला ने उनका स्वागत किया। इसके लिए उन्होंने आम आदमी पार्टी के उन 5 पार्षदों को गांधीनगर प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम बुलाया। जहां उन्हें भगवा वस्त्र पहनाए गए। ये आप के उन्हीं पार्षदों में से थे, जब आप ने मार्च 2021 में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में सूरत की 27 सीटें जीतकर प्रदेश की सियासत में जोरदार एंट्री ली।












Click it and Unblock the Notifications