Sultanpur encounter: सर्राफा व्यापारी से लूट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, SOG का सिपाही भी घायल
Sultanpur encounter: सुल्तानपुर में बीते दिनों ज्वेलरी की दुकान में लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को पुलिस ने सोमवार की रात में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। तीनों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने सोमवार की रात में बदमाशों को रोका तो उन लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई गई।

पुलिस की गोली लगने के बाद त्रिभुवन, सचिन सिंह और पुष्पेंद्र नामक तीन बदमाश घायल हो गए। इसके अलावा बदमाशों की तरफ से चलाई गई गोली एसओजी के सिपाही शैलेश राजभर को लगी गई। बदमाशों और घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
बुधवार को बदमाशों ने दिया था घटना को अंजाम
दरअसल, सुल्तानपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मेजरगंज इलाका है। यह भी बता दें की सुल्तानपुर जनपद के मेजरगंज इलाके को सोनार मंडी के नाम से जाना जाता है। इसी मंडी में भरत सोनी की दुकान है। भरत सोनी की दुकान इलाके में काफी प्रतिष्ठित है।
बुधवार को सुबह भरत सोनी अपने बेटे के साथ दुकान पहुंचे और वह दुकान पर मौजूद थे, इसी दौरान दो कस्टमर आए। उन्होंने दोनों को गहने दिखाए। इसी दौरान एक बदमाश मुंह पर गमछा बांधकर आया और अंदर पहुंचते ही उसने भरत सोनी को असलहा सटा दिया था।
भरत सोनी को असलहा सटाने के बाद बदमाशों ने उनकी दुकान में लूटपाट की। करीब 4 मिनट तक बदमाश ने दुकान में लूटपाट किया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असला लहराते हुए वहां से आसानी से फरार हो गए।
वारदात के बाद भरत सोनी द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सर्राफा कारोबारी भरत सोनी द्वारा बताया गया कि उनकी दुकान से करीब डेढ करोड रुपए का माल बदमाशों ने लूट लिया है। वारदात की जानकारी होने के बाद जिले में हड़कंप मच गई।
घटनास्थल पर आला अफसर भी पहुंचे और कारोबारी के साथ ही अन्य लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली गई। वहीं पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम द्वारा जांच पड़ताल शुरू कर दी गई थी।
इसके अलावा बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा कई टीमें बनाई गई थी। इसी कड़ी में पुलिस टीम बदमाशों की खोजबीन कर रही थी। सोमवार रात में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरेबंदी की और तीन बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा द्वारा बताया गया कि मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान एसओजी के एक सिपाही को भी गोली लगी है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications