यूपी: स्कूल में पढ़ाई की जगह छात्राओं से बनवाया जा रहा खाना, फोटो वायरल
Sultanpur news, सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' को जन-जन तक पहुंचाने का काम जोरों पर है। लेकिन कई जगहों पर बेटी को पढ़ाने की जगह उनसे खाना बनवाया जा रहा है। ऐसा ही मामला यूपी के सुल्तानपुर के कूरेभार क्षेत्र में लड़कियों द्वारा खाना बनाए जाने की फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद प्रधानाध्यापिका ने अपने बचाव में कहा कि ये परीक्षा में प्रैक्टिकल के लिए किया गया है, जिसके अंक भी दिए जाएंगे।

आपको बता दें कि मामला कूरेभार ब्लॉक के बनमई उच्च प्राथमिक विद्यालय स्कूल से जुड़ा है। जहां 54 बच्चों का पंजीयन है। प्रधानाध्यापिका तिलत फातिमा के अनुसार विद्यालय में विगत अक्टूबर में बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा हुई थी। लेकिन पूर्व में हुई अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरन ही उनका स्वास्थ्य खराब हो गया जिस कारण विद्यालय में प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो सकी थी। गुरुवार को गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर छात्राओं के द्वारा सोयाबीन की सब्जी व पूड़ी बनवाई जा रही थी। जिसे कुछ ग्रामीणों ने तिल का ताड़ बनाकर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

हालांकि स्थानीय लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि विद्यालय में ये रोज का दस्तूर है। खुद की गर्दन फंसती देख प्रधानाध्यापिका प्रयोगात्मक परीक्षा का बहाना किया जा रहा है। इस मामले में कूरेभार ब्लाक के शिक्षा अधिकारी रवीन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। इस संबंध में जांच के निर्देश भी दिए गए हैं जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें- हनुमान की जात बतानेवालों को 2019 में सबक सिखाएंगे: जितिन प्रसाद












Click it and Unblock the Notifications