रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग : शानदार जीत के साथ कोलकाता थंडरबोल्ट्स फाइनल में पहुंची
हैदराबाद: कोलकाता थंडरबोल्ट्स ने लगातार तीन सेट जीतते हुए शुक्रवार को यहां जीएमसी गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में खेले गए पावर्ड बाय ए 23 रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) के पहले सीजन के दूसरे सेमीफाइनल में कालीकट हीरोज को 3-0 (16-14, 15-10, 17-15,) से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फाइनल में अब कोलकाता का सामना रविवार को अहमदाबाद डिफेंडर्स से होगा, जिन्होंने पहले सेमीफाइनल में हैदराबाद ब्लैक हॉक्स को मात दी थी। दूसरे सेमीफाइनल में कोलकाता थंडरबोल्ट्स के बर्थडे बॉय विनीत कुमार प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए, जिन्होंने मैच में 11 प्वाइंट्स (स्पाइक से 8 और सर्व से 3) लिए।

ग्रुप चरण में कोलकाता थंडरबोल्ट्स से हारने वाली कालीकट हीरोज इस मुकाबले में बदला लेने के इरादे से कोर्ट पर उतरी और ब्रेक तक दो प्वाइंट की बढ़त बना ली। हालांकि 4 प्वाइंट की लीड लेने के बाद भी कालीकट अपनी बढ़त गंवा बैठी और वे फिर से 12-12 की बराबर पर आ गई। कोलकाता यहां से 16-14 से पहला सेट ले उड़ी। थंडरबोल्ट्स ने दूसरे सेट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और ब्रेक तक एक प्वाइंट से आगे हो गई। टीम ने फिर तीन प्वाइंट की लीड बना ली। कोलकाता ने यहां से मैथ्यू अगस्त के दम पर सुपर प्वाइंट लेकर खुद को सेट प्वाइंट तक पहुंचा दिया और स्कोर 14-9 का हो गया। थंडरबोल्ट्स ने फिर बर्थड बॉय विनीत कुमार की मदद से सुपर सर्व के साथ 15-10 से लगातार दूसरा सेट जीतकर मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली।
यह भी पढ़ें- 'रोहित को ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं, हर कोई उसका अनुसरण करेगा'
तीसरा सेट कालीकट हीरोज के लिए 'करो या मरो' वाला हो गया। टीम ने 'हाइड्रोजन बॉय' सी अजीत लाल और डेविड ली के दम पर लगातार रिकॉर्ड 7 प्वाइंट लेकर ब्रेक तक 8-1 की बढ़त बना ली। कोलकाता ने फिर राहुल के सुपर सर्व की मदद से वापसी करते हुए 11-11 की अविश्वसनीय वापसी की। हीरोज ने भी सुपर प्वाइंट लेने के बाद 14-12 से खुद को सेट प्वाइंट पर पहुंचा दिया। कोलकाता थंडरबोल्ट्स भी कहां पीछे रहने वाली थी और उसने 17-15 से लगातार तीसरा सेट जीतकर खुद को फाइनल में पहुंचा दिया। फाइनल में अब कोलकाता का सामना अहमदाबाद डिफेंडर्स से होगा।
रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग पावर्ड बाय ए 23 को सोनी टेन 1, सोनी टेन 2 (मलयालम), सोनी टेन 3 (हिंदी) और सोनी टेन 4 (तमिल और तेलुगु) पर लाइव और एक्सक्लूसिव देखा जा सकता है। रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग की मार्केटिंग विशेष रूप से बेसलाइन वेंचर्स द्वारा किया जाता है, जो देश की अग्रणी स्पोर्ट्स मार्केटिंग फर्म है। रुपे, भारत का अपनी तरह का पहला ग्लोबल कार्ड भुगतान नेटवर्क है। रुपे, प्राइम वॉलीबॉल लीग का टाइटल स्पांसर है और फैंटेसी गेम्स के लीडर्स ए 23 (A23) ने 'पावर्ड बाय' स्पांसर के तौर पर लीग के साथ मल्टी-इअर करार किया है।
बायजुज, क्रेड, दाफा न्यूज, ईटफिट, अमूल कूल और निप्पॉन पेंट एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में लीग में शामिल हुए हैं और कॉस्को तथा अपोलो अस्पताल ऑफिशियल पार्टनर्स के तौर पर रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग से जुड़े हैं। शेयरचैट और मौज रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग के आधिकारिक कंटेंट पार्टनर हैं।
Match फाइनल: रविवार, 27 फरवरी 2022
7pm: कोलकाता थंडरबोल्ट्स बनाम अहमदाबाद डिफेंडर्स।












Click it and Unblock the Notifications