ऋतु फोगाट की MMA फाइट कब, कहां और किस चैनल-प्लेटफॉर्म पर LIVE देखें, यहां है पूरी जानकारी
भारत की नंबर एक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर ऋतु फोगाट चंद घंटों बाद केज में अपनी ताकत दिखाने उतरेंगी। साल 2024 में बेटे के जन्म के बाद ये 30 वर्षीय फाइटर का पहला मैच होगा। ये मुकाबला ना सिर्फ फोगाट बल्कि भारतीय खेल जगत के लिए भी बहुत अहम है।
"द इंडियन टाइग्रेस" उपनाम से चर्चित स्टार ने कतर में होने वाले ONE 171 इवेंट के लिए तैयारी थाईलैंड और अमेरिका में रहकर की। रेसलिंग से MMA में जाने वाली स्टार का कहना है कि वो अपनी फाइट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और जीत का परचम लहराएंगी।

ऋतु फोगाट और उनकी विरोधी अयाका मियूरा का MMA रिकॉर्ड?
फोगाट ने 2019 में अपना MMA डेब्यू किया और 2020 तक लगातार चार फाइट्स अपने नाम कीं। उसके बाद 2021 की शुरुआत में उन्हें बी गुयेन के खिलाफ विवादास्पद मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा। फिर उन्होंने लगातार तीन फाइट जीतकर एटमवेट MMA वर्ल्ड ग्रां प्री के फाइनल में जगह बनाकर इतिहास रचा। लेकिन वो खिताब जीतने से चूक गईं।
विरोधियों को मैट पर पटककर छकाने में माहिर फोगाट का MMA रिकॉर्ड 7 जीत और 3 हार का है। वहीं उनकी अनुभवी जापानी प्रतिद्वंदी की बात करें तो वो 14-5 का रिकॉर्ड रखती हैं और पिछले तीन मैचों में शानदार जीत हासिल की हैं।
मैच के लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग की जानकारी
ऋतु फोगाट की फाइट 20 फरवरी की रात 8:30 बजे से JioHotstar (पहले Disney+ Hotstar) और Star Sports Select 2 पर लाइव देखी जा सकती है।
MMA फाइट से जुड़े नियम
फोगाट और मियूरा एक एटमवेट (47.62 - 52.16 किलोग्राम) MMA फाइट में शिरकत करेंगी। इस मैच में 5 मिनट के तीन राउंड होंगे। हर राउंड के बीच में एक मिनट का ब्रेक होगा ताकि फाइटरों को रिकवर होने का मौका मिल सके।
दोनों फाइटर्स अपने मैच को नॉकआउट, सबमिशन, तकनीकी नॉकआउट, जजों के फैसले आदि से जीत सकती हैं। अगर फाइट पूरे तीन राउंड जाती है तो जज स्कोरिंग के जरिए फैसला सुनाते हैं। अगर सभी जज एकमत रहे तो फैसला सर्वसम्मत निर्णय और दो जज एक पक्ष में और तीसरा जज दूसरे पक्ष में हो तो फैसला विभाजित निर्णय से आएगा।












Click it and Unblock the Notifications