Asian Games 2023: हंगामे के बाद भारत ने ईरान को दी पटखनी, कबड्डी में जीता गोल्ड मेडल
India vs Iran Kabaddi Final: एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष टीम ने कबड्डी में गोल्ड मेडल जीत लिया। ईरान के खिलाफ हंगामे से भरे मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए भारतीय टीम ने झण्डे गाड़ दिए और सोने पर कब्जा जमा लिया। भारतीय टीम ने 33-29 के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।
भारत के लिए नवीन ने अंतिम अंक हासिल किया और सीटी बजने के साथ ही मुकाबला समाप्त हो जाता है। इस तरह टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल हासिल कर लिया। अंतिम कुछ मिनटों में हंगामा भी देखने को मिला। पॉइंट्स को लेकर विरोध देखने को मिला था। मैच समाप्त होने के बाद भी कुछ खिलाड़ी विरोध कर रहे थे और संतुष्ट नहीं थे।

एशियाई खेलों में भारतीय टीम कबड्डी में आठवीं बार चैम्पियन बन गई। डिफेंडिंग चैम्पियन ईरान की टीम ने टक्कर दी लेकिन वे अपना खिताब बचाने में सफल नहीं रहे। इससे पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था। भारत का इस सीजन यह 100वां मेडल था।
पुरुष कबड्डी टीम के फाइनल मैच में हंगामा भी देखने को मिला। भारत के पवन सहरावत बिना किसी खिलाड़ी को टच किये लॉबी में चले गए थे और फैसला ईरान के पक्ष में आया था। विरोध करने पर भारत के पक्ष में निर्णय आया और विरोध हुआ। आधे घंटे बाद मैच सस्पेंड किया गया। इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के नए नियमों के तहत भारत को 3 और ईरान को एक अंक दिया गया और मैच फिर से शुरू हुआ। इसमें टीम इंडिया ने जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
भारतीय टीम ने अंतिम बार एशियाई खेलों में कबड्डी का गोल्ड मेडल साल 2014 में हासिल किया था। इसके बाद अगली बार यह मेडल ईरान ने जीत लिया था। इस बार भारतीय टीम को सोना मिलने की उम्मीद थी और कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सामूहिक प्रयासों ने टीम को जीत दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications