Pro Kabaddi League: प्रो कबड्डी लीग में डबल टाइटल किन टीमों जीता? जानिए ऐसा कब-कब हुआ
Pro Kabaddi League: प्रो कबड्डी लीग के नए सीजन का आगाज अगले महीने ही होने वाला है। दस साल पूरे करने के बाद यह लीग ग्यारहवें सीजन में प्रवेश कर रही है। प्रो कबड्डी लीग में कुछ टीमों को टाइटल जीतने का अब तक इंतजार है, कुछ टीमें ऐसी भी रही हैं जिन्होंने दो या उससे ज्यादा बार ख़िताब जीता है।
पिछले सीजन लीग की विजेता टीम पुणेरी पलटन थी और उनके लिए यह सीजन एकतरफा रहा था। पुणेरी पलटन पूरे सीजन में ही महज दो मैच हारी थी। उनके सामने जो भी टीम आई, उसको पटखनी मिली थी। इस बार भी पुणेरी पलटन टीम से धांसू प्रदर्शन की उम्मीद है।

इन सबके बीच उन टीमों का जिक्र करना जरूरी है, जो दो या उससे ज्यादा बार प्रो कबड्डी लीग में खिताबी जीत हासिल करने में सफल रही हैं। इनमें पहला नाम जयपुर पिंक पैंथर्स का आता है। जयपुर की टीम ने दो बार खिताबी जीत अर्जित की है।
जयपुर पिंक पैंथर्स की पहली जीत नवनीत गौतम की कप्तानी में डेब्यू सीजन में मिली थी, जहां उन्होंने फाइनल में यू मुंबा को 35-24 के स्कोर से हराया था। टीम ने सुनील कुमार की अगुआई में सीजन 9 में अपनी सफलता को दोहराया। पुणेरी पलटन के खिलाफ एक रोमांचक फाइनल में जयपुर ने 33-29 के स्कोर से जीत दर्ज की।
पटना पाइरेट्स के पास सबसे ज़्यादा पीकेएल खिताब जीतने का रिकॉर्ड है, जिसने लगातार तीन चैंपियनशिप जीती हैं। उनका पहला खिताब सीजन 3 में मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में आया था जब उन्होंने फाइनल में यू मुंबा को 31-28 से हराया था।
अगले सीजन में धर्मालज चेरालाथन की कप्तानी में पटना ने एक और जीत हासिल की, फाइनल में जयपुर पिंक पैंथर्स को 37-29 से हराया। सीजन 5 में प्रदीप नरवाल ने गुजरात जायंट्स को 55-38 से हराकर टीम को लगातार तीसरा खिताब दिलाया। इस तरह पटना पाइरेट्स ने जीत की हैट्रिक लगा दी।
अगर इस बार पुणेरी पलटन अपने खिताब को डिफेंड करने में सफल रहती है, तो इस खास लिस्ट में जगह बना सकती है। पुणेरी पलटन पिछला ख़िताब जीत चुकी है और इस बार भी इस टीम में धाकड़ प्लेयर्स मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications