Paris Olympics: ओलंपिक में भारत का अगला हॉकी मैच कब और किसके खिलाफ? कैसे देखें लाइव प्रसारण
Paris Olympics: पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद दूसरा मैच ड्रॉ खेला और तीसरे मुकाबले में भी जीत दर्ज कर ली। पूल बी में भारतीय टीम अभी तक अविजित रही है।
तालिका की बात की जाए, तो भारतीय टीम अभी दूसरे स्थान पर है। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड और आयरलैंड को पराजित किया है। इसके अलावा अर्जेंटीना के साथ भारतीय टीम का मुकाबला ड्रॉ रहा था। अब अगले मुकाबले की तैयारी है और यह मुश्किल मैच है।

फैन्स के मन में यह सवाल जरुर होगा कि हॉकी में अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला किस टीम के खिलाफ है। इसका जवाब यह है कि भारत का मैच उस टीम के खिलाफ है जिसने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को 6-2 के बड़े अंतर से पराजित किया है।
यहाँ बात बेल्जियम की हो रही है। भारत का अगला मुकाबला बेल्जियम से है। ऑस्ट्रेलिया को बुरी तरह हराने के बाद बेल्जियम का आत्मविश्वास चरम पर होगा और भारतीय टीम के लिए एक कठिन मुकाबला होगा। पूल बी में न्यूजीलैंड और आयरलैंड की टीमें बाहर हो गई हैं।
टोक्यो ओलंपिक 2021 के सेमीफाइनल में बेल्जियम से हारने के बाद भारतीयों को अपने आपको साबित करना होगा। बेल्जियम ने उस इवेंट में स्वर्ण पदक जीता और 2018 हॉकी विश्व कप में भी चैंपियन बना। भारत के पास बदला लेने का भरपूर मौका है लेकिन बेल्जियम सबसे तगड़ी टीम है। पिछले पांच में से चार मैच बेल्जियम ने जीते हैं।
कुल मैचों की बात की जाए, तो दोनों टीमों के बीच कुल 91 मैच खेले गए हैं। यहाँ भारतीय टीम काफी आगे है। भारत ने 51 और बेल्जियम ने 25 मुकाबले जीते हैं। और 15 मुकाबला ड्रॉ रहे हैं। भारत और बेल्जियम के बीच एक बार फिर से मुकाबला देखने लायक होगा।
भारतीय टीम को बेल्जियम के खिलाफ अपना मुकाबला गुरुवार को खेलना है। यह दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर शुरू हो जाएगा। यह मैच यवेस डू मनोइर स्टेडियम में खेला जाएगा। सीधे प्रसारण की बात की जाए, तो जियो सिनेमा पर मैच देखा जा सकता है। इसके अलावा स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क पर भी लाइव प्रसारण होगा।












Click it and Unblock the Notifications