ISL 2022 : मैच हुआ ड्रा, फिर भी केरला पहुंचा फाइनल में, जानिए कैसे
गोवा : केरला ब्लास्टर्स एफसी बेहतर गोल औसत के आधार पर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 के फाइनल में पहुंच गई है। मंगलवार को वास्को डे गामा स्थित तिलक मैदान स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल के दूसरे चरण में केरला ने जमशेदपुर एफसी को 1-1 के ड्रा पर रोक दिया और कोच ओवेन कोयल की लीग शील्ड विजेता टीम अपने पहले फाइनल के करीब पहुंचकर भी दूर रह गई। मुकाबले में केरला के लिए गोल दगाने वाले कप्तान एड्रियन लुना को हीरो ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।

कोच इवान वुकोमैनोविच की टीम केरला के फाइनल में पहुंचने की वजह बना सहल अब्दुल समद का गोल। भले ही समाद आज के मुकाबले में नहीं खेले, लेकिन उन्होंने शुक्रवार को खेले गए दो चरणों वाले सेमीफाइनल के पहले मैच में गोल करके केरला को लीग शील्ड विजेता जमशेदपुर पर 1-0 से जीत दिलाई थी।
बहरहाल, आज मैच में पहला गोल 18वें मिनट में आया, जब कप्तान एड्रियन लुना ने केरला ब्लास्टर्स को 1-0 की शुरुआती बढ़त पर ला दिया। बाएं फ्लैंक पर पास मिलने के बाद एल्वेरो वाजकेज ने गेंद को फ्लिक करके सेंटर पर लुना तक पहुंचाया और उरुग्वे के अटैकिंग मिडफील्डर ने अटैकिंग थर्ड पर गेंद के साथ कमाल का नियंत्रण दिखाते हुए पहले राइट-बैक लालदिनलिआना रेंथलेई को छकाया और फिर डी-बॉक्स के ठीक बाहर से राइट फुटर शॉट से गेंद को सेकेंड पोस्ट के किनारे पर हवा में अंदर की तरफ लहरा करके बेहतरीन गोल दाग दिया जबकि गोलकीपर टीपी रेहेनेश अपने बायीं तरफ डाइव लगाने के बावजूद गेंद तक नहीं पहुंच पाए।
50वें मिनट में प्रणय हल्दर ने हैडर से गोल करके जमशेदपुर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच की पहली कॉर्नर किक पर दाहिने छोर से ग्रेग स्टीवर्ट ने डैनियल चीमा चुक्वु तक गेंद पहुंचाई, जिस पर चीमा अपने हैडर से ताकत नहीं दे सके और केरला के डिफेंडर से लगाने के बाद गेंद प्रणय तक पहुंची। डिफेंसिव मिडफील्डर प्रणय ने दाहिने पैर से गेंद को गोललाइन के पार पहुंचा दिया जबकि गोलकीपर प्रभसुखन गिल के पास कोई मौका नहीं था।
पहले हाफ में दोनों टीमें कुछ मौकों पर गोल करने के काफी करीब आ गई थीं। केरला को अवसर मिला, जब वाजकेज ने दूसरे मिनट में लक्ष्य से दूर चिप करके सुनहरा अवसर गंवा दिया। केरला को फिर मौका मिला, नौवें मिनट में होरे परेरा डियाज के हाई-प्रेस के कारण गोल होते रह गया, जब डिफेंडर पीटर हार्टली की क्लींयरेंस पर गेंद हाई-प्रेसिंग के कारण डियाज से रिबाउंड होकर क्रॉस बार पर जा लगी लेकिन गोल नहीं हुआ। इसी रिबाउंड पर डियाज ने गोल तो किया लेकिन वो ऑफ साइड करार दिए गए। 36वें मिनट में डैनियल चीमा चुक्वु ने गोल करके जमशेदपुर को बराबरी पर ला ही दिया था लेकिन नाईजीरियाई स्ट्राइकर को ऑफ साइड दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications