एटीके मोहन बगान और एससी ईस्ट बंगाल के मुकाबले में देखने को मिलेगा कोलकाता डर्बी का रोमांच
गोवा, 28 जनवरी: चिर-प्रतिदंवद्वी एटीके मोहन बगान और एससी ईस्ट बंगाल के बीच कोलकाता डर्बी का रोमांच देखने को मिलेगा, जब ये दोनों हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 में दूसरी बार भिड़ेंगी। भारतीय फुटबाल में सबसे अधिक मांग वाले मैच में जहां बगान जीत की प्रबल दावेदार होगी, वहीं फिसड्डी ईस्ट बंगाल अंडर डॉग के रूप में चौंकाने की कोशिश करेगी।

ईस्ट बंगाल अपने इस चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ जीत के लिए सबसे समय से तरस रहा है। रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड ने अंतिम बार तीन साल पहले 27 जनवरी 2019 को बगान को हराया था। उसके बाद से अब तक ईस्ट बंगाल कभी भी जीत हासिल नहीं कर सकी। इस सीजन के पहले चरण में जब कोलकाता ये दोनों टीमों आपस में भिड़ी थीं, तब बगान ने 3-0 से मैच जीता था।
कोच मारियो रिवेरा की रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड को पिछले मुकाबले में हैदराबाद एफसी से 0-3 की करारी शिकस्ती मिली थी जबकि मोहन बगान ने एक छोटे से विश्राम के बाद मैदान पर उतरकर ओड़िसा एफसी से गोलरहित ड्रा खेला था। महरून एंड ग्रीन ब्रिगेड आठवें स्थान पर है। वो दस मैच खेलकर चार जीत व चार ड्रा से 16 अंक जुटा चुकी है और उसके पास तीन अतिरिक्त मुकाबले हैं। वहीं, ईस्ट बंगाल 13 मैचों में मात्र एक जीत और छह ड्रा से 9 अंक लेकर तालिका में सबसे निचले 11वें स्थान पर है।
यह भी पढ़े- साउथ अफ्रीका को मिला 'बेबी एबी', डिविलियर्स की तरह 360 डिग्री पर कहीं भी लगाता है शॉट
बगान के कोच जुआन फेर्रांडो को अगले मैच में हुगो बौमाउस की सेवाएं मिलेंगी, क्योंकि फ्रांस में जन्मां मोरोक्कन अटैकिंग मिडफील्डर एक मैच के प्रतिबंध के बाद वापसी करेगा।
चिर-प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले की पूर्व संध्या पर फेर्रांडो ने कहा, "मैं इस फिक्सचर का हिस्सा बनकर खुश हूं। इतने बड़े मैच में शामिल होना मेरे लिए खुशी की बात है। यह इस विरासत का हिस्सा बनने का एक अवसर है। लेकिन, हम अंतत: यह भी समझते हैं हमारा लक्ष्य पूरे 3 अंक हासिल करना और अपने खेलने के तरीके में सुधार करना है। यह जरूरी है कि हमारा ध्यान न भटके।"
ईस्ट बंगाल के बारे में उन्होंने कहा, "सीजन शुरू होने के बाद से एससी ईस्ट बंगाल बहुत बदल गया है। अगर मैं पिछले 3-4 मैचों के बारे में बात करता हूं, तो उसके खिलाड़ी अधिक स्वतंत्र रूप से खेले हैं, वे सुसंगठित थे, और उन्होंने कड़ी मेहनत की।"
उधर, ईस्ट बंगाल हाफटाइम की सीटी बजने से ठीक पहले गोल खाने का दोषी रहा है और कोच रिवेरा बगान की घातक अग्रिम पंक्ति के खिलाफ इस पैटर्न को तोड़ना चाहेंगे। रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड ने इस सीजन में अब तक खेले अपने मैचों में हाफ टाइम (31-45) से पहले 15 मिनट की अवधि में 11 गोल खाए हैं। इस दौरान किसी भी अन्य टीम ने इतने ज्यादा गोल नहीं दिए। इस सीजन में मैच के पहले हाफ में किसी भी टीम ने एससी ईस्ट बंगाल (16) से ज्यादा गोल नहीं गंवाए हैं।
ईस्ट बंगाल के कोच रिवेरा ने कहा, "जब आप डर्बी खेलते हैं, तो लीग की स्थिति कोई मायने नहीं रखती है। डर्बी हमेशा आपके शीर्ष प्रतिद्वंद्वी का सामना करने के बारे में होता है और परिणाम कुछ भी हो सकता है।"
महरून एंड ग्रीन ब्रिगेड के आक्रमण के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, "बगान आईएसएल में सर्वश्रेष्ठ अटैकिंग लाइन-अप में से एक है। हमें उनके रनों को रोकना होगा और सुनिश्चित करना होगा कि हम उन्हें खेलने के लिए ज्यादा जगह न दें। आपको एक मैच जीतने के लिए तकनीकी और रणनीतिक कौशल के सही मिश्रण की आवश्यकता होती है।"












Click it and Unblock the Notifications