ISL 2022-23: ओडिशा एफसी की अंतिम प्लेऑफ स्थान पर वापसी, हैदराबाद एफसी को 3-1 से मात दी

भुवनेश्वर, 10 फरवरी: ओडिशा एफसी ने शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान कलिंगा स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 मुकाबले में हैदराबाद एफसी को 3-1 से हरा दिया। ओडिशा एफसी की जीत में विंगर इसाक वानलालरुताफेला (33वें), हैदराबाद एफसी के सेंटर-बैक निंगदोर्जी तमंग (72वें मिनट में आत्मघाती गोल) और ब्राजीली स्ट्राइकर डिएगो मौरिसियो (90+4वें मिनट में) ने गोल दागे। इसाक वानलालरुताफेला को बेहतरीन गोल दागने के लिए हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आज की जीत से हेड कोच जोसेप गोम्बाउ के जगरनॉट्स अंक तालिका के अंतिम प्लेऑफ स्थान यानी छठे स्थान पर फिर से पहुंच गई है। ओडिशा एफसी के 18 मैचों में आठ जीत, तीन ड्रा और सात हार से 27 अंक हो गए हैं। लेकिन वो पांचवें स्थान पर मौजूद एफसी गोवा से गोल अंतर से पीछे हैं। वहीं, अपनी तीसरी हार से हेड कोच मैनोलो मार्कुएज के मौजूदा चैम्पियनों की लीग शील्ड जीतने की संभावना पर झटका लगा है। लेकिन वे दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। हैदराबाद एफसी के 17 मैचों में 11 जीत, तीन ड्रा और तीन हार 36 अंक हैं।
मैच का पहला गोल 33वें मिनट में आया, जब विंगर इसाक वानलालरुताफेला ने ओडिशा एफसी को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। पीछे से थ्रू-पास लेने के बाद स्पेनिश फॉरवर्ड पेड्रो मार्टिन ने बाएं फ्लैंक से गेंद को माइनस करके इसाक को पास दिया। अटैकिंग थर्ड पर मौजूद इसाक ने लगभग 28 गज की दूरी से राइट फुटर शॉट लगाकर गेंद को फार पोस्ट के अंदर गोल जाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर गुरमीत सिंह अपने बायीं तरफ डाइव लगाने के बावजूद बचाव करने में विफल रहे।
45वें मिनट में सेंटर-बैक निंगदोर्जी तमंग ने गोल करके हैदराबाद एफसी को बराबरी दिलाते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। अटैकिंग थर्ड पर मिली फ्री-किक पर ऑस्ट्रेलियाई अटैकिंग मिडफील्डर जोएल केनिजी ने छह गज के खतरनाक एरिया में गेंद को पहुंचाया, जिसे ओडिशा एफसी के राइट-बैक शुभम सारंगी ने क्लियर तो जरूर किया लेकिन रिबाउंड पर अपनी तरफ आती गेंद को निंगदोर्जी ने हेडर करके गोलजाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने बायीं तरफ डाइव तो जरूर लगाई लेकिन विफल हुए।
72वें मिनट में हैदराबाद एफसी के सेंटर-बैक निंगदोर्जी तमंग के आत्मघाती गोल के कारण ओडिशा एफसी ने फिर से बढ़त बनाते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। बॉक्स के अंदर बायीं तरफ से नंदाकुमार ने लेफ्ट फुटर शॉट लगाया और निंगदोर्जी के पैर से लगने के बाद गेंद दिशा बदलकर गोल लाइन पार कर गई जबकि गोलकीपर गुरमीत सिंह के पास बायीं तरफ डाइव लगाने के बावजूद बचाव का कोई अवसर नहीं था।
चार मिनट के स्टॉपेज टाइम के 90+4वें मिनट में ब्राजीली स्ट्राइकर डिएगो मौरिसियो ने गोल करके ओडिशा एफसी की बढ़त को 3-1 कर दिया। इसहाक छक्छुआक से बॉक्स के अंदर चिप पास लेने के बाद मौरिसियो ने राइट फुटर शॉट लगाकर इस सीजन का अपना 11वां गोल कर दिया।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में आठवां मुकाबला था और आज ओडिशा एफसी ने तीसरी बार जीत दर्ज की है जबकि हैदराबाद एफसी ने चार मैच जीते हैं। इस हार के साथ ही हैदराबाद के लगातार आठ मैचों में लगातार अपराजित रहने का सिलसिला समाप्त हो गया। आज के परिणाम के बाद दोनों टीमों के बीच इस सीजन के मुकाबलों में पलड़ा बराबरी पर रहा। क्योंकि पहले चरण में हैदराबाद एफसी ने ओडिशा को 1-0 से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications