ISL 2022-23: एटीके मोहन बागान vs मुंबई सिटी एफसी, दो दमदार टीमों के बीच मुकाबला
ये दो टीमों के बीच एक दमदार मुकाबला है जहां पर मुंबई सिटी एफसी टॉप पर है तो मोहन बागान भी धुरंधर टीम हैं और वह आइसलैंडर के खिलाफ पहला मुकाबला जीतने की ओर देख रही है।

कोलकाता, 13 जनवरी: हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की दो हैवीवेट टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले के लिए मंच सज गया है, जब एटीके मोहन बागान शनिवार को कोलकाता स्थित अपने घरेलू विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन में खेले जाने वाले हीरो आईएसएल 2022-23 के मैचवीक 15 मुकाबले में मुम्बई सिटी एफसी का सामना करेगी। इस मैच में जीत आइलैंडर्स को हैदराबाद एफसी से चार अंकों की दूरी पर ले जाएगी। दूसरी ओर, मुम्बई सिटी एफसी पर अपनी पहली जीत मैरिनर्स को तीसरे स्थान पर पहुंचा सकती है।
नए साल में एटीके मोहन बागान का यह पहला मुकाबला होगा, क्योंकि मैरिनर्स ने 2022 में अपने आखिरी मैच में एफसी गोवा पर 2-1 से जीत हासिल की थी। उसके बाद हेड कोच जुआन फेरांडो के मैरिनर्स पिछले मैचवीक के दौरान ब्रेक पर थे।
क्लब के दो शीर्ष स्कोरर दिमित्री पेट्राटोस और ह्यूगो बौमस ने गौर्स के खिलाफ गेंद को गोलजाल तक पहुंचाया था। इसके अलावा, एटीके मोहन बागान ने मिडफील्डर फेडेरिको गैलेगो और पुइता को जोड़कर अपने दल को मजबूत किया है।
कार्ल मैकहुग मैरिनर्स के मिडफील्ड में प्रभावशाली रहे हैं और उन्होंने घायल जोनी कौउको द्वारा छोड़े गए खाली स्थान को पूरी तरह से भर दिया है। जब इस सीजन के पहले चरण में दोनों पक्ष मिले थे, तो मैकहुग ने 89वें मिनट में गोल करके एटीके मोहन बागान को 2-2 के ड्रा से एक अंक दिलाया था।
मैरिनर्स के हेड कोच जुआन फेरांडो ने कहा, "हमारे लिए योजना हमेशा एक ही है। हम गेंद को कब्जे में रखने की कोशिश करते हैं, अटैकिंग फुटबॉल खेलते हैं और पूरे तीन अंक प्राप्त करते हैं। कभी यह काम करती है, और कभी फेल हो जाती है। लेकिन हमारी मानसिकता हमेशा एक जैसी रहती है।" उन्होंने कहा, "मुम्बई का पूरे सीजन में अब तक का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। हमारे लिए यह जरूरी है कि हम उनके खिलाफ उसी स्तर पर खेलें जिस स्तर पर वे हैं।"
मुम्बई सिटी एफसी या तो नए रिकॉर्ड बनाने के लिए मैदान पर उतर रही है या जो वर्तमान में उनके पास है, उसके विस्तार करने के लिए जा रही है। पिछले हफ्ते केरला ब्लास्टर्स एफसी के खिलाफ 4-0 की शानदार जीत से आइलैंडर्स ने नए साल का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया।
यह मुम्बई सिटी एफसी की लगातार आठवीं जीत थी, जो कि हीरो आईएसएल में लगातार सबसे ज्यादा जीत का नया रिकॉर्ड है। इस सीजन में 13 मैचों में अपराजित रहने के सिलसिले के कारण आइलैंडर्स नए क्लब रिकॉर्ड के साथ अजेय प्रतीत होते हैं।
हेड कोच डेस बकिंघम अपने शीर्ष स्कोरर जॉर्ज डियाज के बिना मैदान पर होंगे -पिछले सप्ताह दो गोल करने और एक में सहायता प्रदान करने वाले अर्जेटीनी स्ट्राइकर येलो कार्डों मिलने के कारण निलंबित रहेगा। स्कॉटिश मिडफील्डर ग्रेग स्टीवर्ट को ब्लास्टर्स के खिलाफ पहले हाफ में एक चोट के कारण हटा दिया गया था, लेकिन संभवतः वह एक स्ट्राइकर के रूप में नजर आएंगे, जबकि अल्बर्टो नोगुएरा मिडफील्ड में दिखेंगे।
आइलैंडर्स के कोच हेड कोच डेस बकिंघम ने कहा, "इस सीजन में हमने अब तक जिस तरह से खेला है, उससे मैं खुश हूं। हमने खुद को अच्छी स्थिति में रखा है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें मैच दर मैच बेहतर होते रहना है।" उन्होंने कहा, "जब तक हम ऐसा करने की कोशिश करते रहेंगे, मुझे अगले मुकाबले में जाने में खुशी होगी। हमने एटीके मोहन बागान के खिलाफ इस कठिन परीक्षा के लिए खुद को तैयार करने के लिए हर संभव प्रयास किया है। लेकिन यह वो अवसर है जिसके लिए हम तैयार हैं और आगे देख रहे हैं।"
Recommended Video

हीरो आईएसएल के इतिहास में दोनों टीमों के बीच छह बार भिड़ंत हुई है। आइलैंडर्स ने चार मैच जीते हैं, जबकि अन्य दो मुकाबले ड्रा में समाप्त हुए हैं। इस सीजन के पहले चरण का मैच भी ड्रा रहा था, जब मैरिनर्स ने मुम्बई सिटी एफसी को मुंबई फुटबॉल एरिना में 2-2 की बराबरी पर रोक दिया था।












Click it and Unblock the Notifications