Cristiano Ronaldo ने रचा इतिहास, 1 बिलियन फॉलोअर्स के साथ बनें नंबर वन, फैंस का जताया आभार
Cristiano Ronaldo News: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर एक बिलियन फॉलोअर्स कर इतिहास रच दिया है। अल नासर क्लब के स्ट्राइकर ने हाल ही में अपने 900वें करियर गोल का जश्न मनाया और फैंस के अटूट समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। रोनाल्डो सोशल मीडिया यानी इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर इतनी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले एथलीट बन गए हैं।
रोनाल्डो ने कही दिल की बात
रोनाल्डो ने इस उपलब्धि को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए कहा कि हमने इतिहास रच दिया है। 1 बिलियन फॉलोअर्स! यह सिर्फ़ एक संख्या नहीं है - यह खेल और उससे परे साझा जुनून, प्रेरणा और प्यार का सबूत है। उन्होंने अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मदीरा की गलियों से लेकर दुनिया के सबसे भव्य मंचों तक उन्होंने हमेशा अपने परिवार और समर्थकों के लिए खेला है।

फैंस का जताया आभार
उन्होंने कहा कि आप सभी मेरे साथ हर कदम पर सभी उतार-चढ़ावों के दौरान रहे हैं। यह यात्रा हमारी यात्रा है और साथ मिलकर हमने दिखाया है कि हम जो हासिल कर सकते हैं उसकी कोई सीमा नहीं है। अकेले इंस्टाग्राम पर रोनाल्डो के 600 मिलियन से ज़्यादा फ़ॉलोअर हैं। एक्स पर उनकी मौजूदगी 100 मिलियन से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स को आकर्षित करती है।
यूट्यूब पर आते ही किया कमाल
इसके अलावा फ़ेसबुक पर उनके 170 मिलियन और यूट्यूब पर 60 मिलियन सब्सक्राइबर हैं। इस महीने की शुरुआत में उनका यूट्यूब चैनल लॉन्च किया गया था, जिसने पहले ही दिन 15 मिलियन सब्सक्राइबर के साथ तेज़ी से लोकप्रियता हासिल की और पहले हफ़्ते में ही 50 मिलियन तक पहुंच गया।
'मेरे जीवन का हिस्सा बनने के लिए आपका धन्यवाद'
रोनाल्डो ने आगे अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि मुझ पर विश्वास करने मेरा समर्थन करने और मेरे जीवन का हिस्सा बनने के लिए आपका धन्यवाद। अभी भी सबसे अच्छा आना बाकी है, और हम आगे बढ़ते रहेंगे, जीतते रहेंगे और साथ मिलकर इतिहास बनाते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications