'मैंने 8 साल दिए और कोई फोन कॉल तक नहीं आया...,' RCB से बाहर किए जाने पर युजवेंद्र चहल ने बयां किया दर्द
Yuzvendra Chahal: इंडियन प्रीमियर लीग के 2022 सीजन से पहले मेगा नीलामी के दौरान सभी टीमों ने अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव किए। हालांकि, सबसे बड़ा आश्चर्य तब हुआ जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपनी रिटेंशन सूची की घोषणा की। इस दौरान आरसीबी ने अपने स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल को रिलीज करके सभी को हैरान कर दिया था। चहल ने अब इस मुद्दे पर खुलकर बात की है।
दरअसल, आईपीएल (IPL) में युजवेंद्र चहल (Yuvendra Chahal) अब राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royald) की ओर से खेलते हैं, इससे पहले चहल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेले थे। भारतीय स्पिनर ने रणवीर अल्लाहबादिया के साथ इंटरव्यू में इसे लेकर बड़े खुलासे किए हैं।

चहल ने कहा कि, 'मैंने आरसीबी के लिए 8 साल तक खेला। आरसीबी ने मुझे भारत की कैप दी, क्योंकि उन्होंने मुझे प्रदर्शन करने का मौका दिया। पहले मैच से ही विराट भैया ने मुझ पर भरोसा दिखाया। तो यह बुरा लगा, क्योंकि जब आप एक टीम में 8 साल बिताते हैं तो यह लगभग परिवार जैसा लगता है।
उन्होंने आगे बताया कि, 'बहुत सारी अफवाहें आईं, जैसे मैंने बहुत बड़ी रकम मांगी। मैंने उस समय स्पष्ट किया था कि ऐसा कुछ भी नहीं था। मैं जानता हूं कि मैं किस चीज का हकदार हूं।'
लेग स्पिनर ने आगे कहा कि, 'मुझे जो बात बहुत बुरी लगी वह यह थी कि, मेरे पास कोई फोन कॉल नहीं आया, न ही मेरे से किसी ने बात की, कम से कम आप बात करते, क्योंकि मैं उनके लिए 140 मैच खेल चुका था। मुझे कुछ पता नहीं चला कि उन्होंने मुझे टीम से बाहर क्यों किया। नीलामी में उन्होंने मुझसे वादा किया कि वे मेरे लिए हर संभव कोशिश करेंगे। मैंने कहा, ठीक है।'
उन्होने कहा कि, 'जब मैं ऑक्शन में गया तो मुझे काफी गुस्सा आया। चिन्ना स्वामी मेरा फेवरेट रहा है। वहां से मुझे काफी गुस्सा लगा, यहां तक कि जब आरसीबी के साथ मेरा मैच हुआ तो मैंने कोच से भी बात नहीं की थी। मैंने किसी से बात नहीं की। ऑक्शन में आप जाते हो तो कुछ भी हो सकता है।'
युजवेंद्र ने आगे बताया कि, जो भी होता है अच्छे के लिए होता है। राजस्थान रॉयल्स में शामिल होने के बाद मेरे साथ एक अच्छी बात ये हुई कि मैं डेथ बॉलर बन गया हूं। मैंने डेथ ओवरों में गेंदबाजी करना शुरू कर दिया है। आरसीबी में मैं अधिकतम 16वां या 17वां ओवर फेंकता था। मेरी क्रिकेटिंग ग्रोथ 5 से 10 प्रतिशत बढ़ गई। तभी मुझे एहसास हुआ कि जो भी होता है अच्छे के लिए होता है।












Click it and Unblock the Notifications