युवराज का खुलासा, गांगुली ने दिया था ऐसा ऑर्डर कि पूरी रात नहीं आई थी नींद

नई दिल्ली। 'सिक्सर किंग' नाम से मशहूर पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। युवराज ने कई माैकों पर मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाने का काम किया। आईसीसी विश्व कप 2011 में भारत को खिताब दिलाने में भी युवराज की अहम भूमिका रही थी। लेकिन अब युवराज ने एक ऐसा किस्सा सुनाया है जो उनके फैंस पहले नहीं जानते थे।
युवराज सिंह ने 2000 आईसीसी नॉकआउट टूर्नामेंट में हुए उस वाकया को याद किया जब सौरव गांगुली ने उन्हें एक खास ऑर्डर दिया था। उस समय गांगुली कप्तान थे। युवराज की उम्र उस समय 18 साल थी। तब गांगुली ने युवराज से पूछा था कि क्या वह अगले दिनअहम मैच में ओपनिंग करेंगे। युवराज ने अपने कप्तान से कहा, "हां, अगर आप चाहते हैं कि मैं पहले नंबर पर बल्लेबाजी करने जाऊं तो मैं ओपनिंग करूंगा।" युवराज ने कहा, "जब गांगुली ने मुझे यह जिम्मेदारी दी थी तो पूरी रात नींद नहीं आई।"
यह भी पढ़ें- 'पता नहीं उसके दिमाग में क्या चल रहा है', कोहली की खराब फाॅर्म पर बोले गांगुली
उस मैच में युवराज ओपनिंग करने उतरे और युवराज के 84 रनों के दम पर भारत 265 पर पहुंच गया। युवराज ने कहा, "इससे पहले मैं नंबर 5 पर बल्लेबाजी करता था। ओपनिंग को लेकर मैं बहुत घबराया हुआ था, लेकिन जब मैं बल्लेबाजी करने गया तो फिर मैंने पूरा ध्यान गेंद को देखने पर लगाया।" युवराज ने यह भी खुलासा किया तब उन्होंने ब्रेट ली, ग्लेन मैक्ग्रा, जेसन की स्लेजिंग का सामना किया था। युवराज यह सोच रहे थे कि अगर वो 37 रन भी बना लेते हैं तो बहुत हैं। युवराज ने कहा, "अगर मैं आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने डेब्यू पर 37 रन बना लेता, तो मैं उस अटैक से बहुत खुश होता, जिसका मैं सामना कर रहा था।"

युवराज ने कहा, "किस्मत से मैंने 84 रन बनाए, मुझे नहीं पता कि कैसे रन बन गए थे, लेकिन बस मैंने गेंद को देखा, गेंद को हिट किया। यह मेरे लिए बहुत बड़ा लम्हा था। ऑस्ट्रेलिया को हराकर और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल करना बहुत अच्छा पल था।"












Click it and Unblock the Notifications