'पता नहीं उसके दिमाग में क्या चल रहा है', कोहली की खराब फाॅर्म पर बोले गांगुली

नई दिल्ली। 'रन मशीन' कहे जाने वाले विराट कोहली का बल्ला पीछले तीन सालों से कोई अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं लगा पाया है। यहां तक कि आईपीएल 2022 में भी वह पुराने रंग में नजर नहीं आए। उनके साथ-साथ रोहित शर्मा का बल्ला भी इस बार आईपीएल में गरजा नहीं। वहीं बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने खराब दाैर से गुजर रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली का समर्थन किया है। दोनों रन नहीं बना पा रहे हैं और प्रशंसकों और विशेषज्ञों द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। जहां रोहित अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं, वहीं कोहली शुरू में ही लड़खड़ाते दिखे, जिन्होंने नौ मैचों में दो गोल्डन डक के साथ 128 रन बनाए हैं।
हालांकि गांगुली का मानना है कि पूर्व भारतीय कप्तान इस मुश्किल दौर से उबर जाएंगे। गांगुली ने न्यूज18 से बात करते हुए कहा, "रोहित और कोहली महान खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि वे अच्छी फॉर्म में वापस आ जाएंगे। मुझे यकीन है कि वे जल्द ही टीम के लिए रन बनाना शुरू करेंगे। मैं नहीं जानता हूं कि विराट कोहली के दिमाग में क्या चल रहा है लेकिन मुझे भरोसा है कि वह अपनी फॉर्म को फिर से हासिल करेंगे और कुछ अच्छे रन बनाएंगे। कोहली एक महान खिलाड़ी हैं।"
यह भी पढ़ें- दिनेश कार्तिक की वापसी होना मुश्किल, SA के खिलाफ T20 सीरीज से पहले आई बड़ी खबर
इस सीजन के आईपीएल के बारे में पूछे जाने पर, गांगुली ने कहा कि वह सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक से काफी प्रभावित हैं, जो लगातार 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने उमेश यादव और खलील अहमद की पसंद की भी प्रशंसा की।

गांगुली ने कहा, "इस बार का सीजन बहुत दिलचस्प है, मैं आईपीएल देख रहा हूं। कोई भी टीम जीत सकती है और हर कोई अच्छा खेल रहा है। दो नई टीमें गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उमरान मलिक की गेंदबाजी सबको अपनी ओर आकर्षित करने वाली रही है। उमेश यादव ने भी अच्छी गेंदबाजी की है और खलील अहमद ने भी। मैं कहूंगा कि उमरान मलिक अब तक लीग का चमकता चेहरा रहा है।"
गांगुली का लक्ष्य कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भीड़ की क्षमता को बढ़ाना है क्योंकि आईपीएल 2022 के प्लेऑफ मैच यहां होंगे। गांगुली ने कहा, ''हमें ईडन गार्डन्स में दर्शकों की संख्या बढ़ानी होगी। अभी तक यहां 67,000 दर्शक आ सकते हैं और हमें इसे 1 लाख तक पहुंचाना है। ईडन गार्डन एक पुराना स्टेडियम है और हमें इसे अपग्रेड करना होगा।"












Click it and Unblock the Notifications