IND vs BAN: यशस्वी जायसवाल के निशाने पर महारिकॉर्ड, बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में इतिहास रचने का मौका
Yashasvi Jaiswal: चेन्नई में 19 सितम्बर से भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच शुरू हो रहा है। दोनों टीमों की तरफ से इसको लेकर जमकर तैयारी की जा रही है। टीम इंडिया ब्रेक के बाद वापस आई है। प्लेयर्स कैम्प के जरिए सीरीज के लिए अपना अभ्यास कर रहे हैं।
यशस्वी जायसवाल इस सीरीज से एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर सकते हैं। जायसवाल ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में अब तक धमाकेदार प्रदर्शन किया है। वह अजिंक्य रहाणे का रिकॉर्ड तोड़ने के काफी करीब हैं। इसके लिए उनको महज 132 रनों की दरकार है।

अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ इन दो मैचों में 132 रन बना लेते हैं, तो वह अजिंक्य रहाणे के 2019-21 अवधि की टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र में 1159 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। यह उपलब्धि जायसवाल को एक ही WTC चक्र में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बना देगी।
अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा के अलावा जायसवाल तीसरे भारतीय हैं, जिन्होंने एक ही WTC चक्र में 1000 से अधिक रन बनाए हैं। इस सीजन वह सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। जायसवाल और बेन डुकेट दोनों ने 1028 रन बनाए हैं। जो रूट इस लिस्ट में 1398 रनों के साथ टॉप पर हैं।
अगर जायसवाल इस सीरीज के दौरान अतिरिक्त 371 रन बनाने में सफल होते हैं, तो वह जो रूट को पीछे छोड़कर इस WTC चक्र में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। यह बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
इन रिकॉर्ड्स के अलावा, जायसवाल छक्कों का एक और विश्व रिकॉर्ड बनाने की कगार पर हैं। उन्होंने 2024 कैलेंडर वर्ष के दौरान टेस्ट में 25 छक्के लगाए हैं। अगर वह नौ और छक्के लगाते हैं, तो वह एक कैलेंडर वर्ष में ब्रेंडन मैकलम के 33 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।












Click it and Unblock the Notifications