WTC Final Day 2: कैसे गिरे भारत के 5 विकेट, कुछ ऐसी रही टीम इंडिया की पारी की 'बर्बादी' की कहानी
WTC Final 2023: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में भारतीय पारी का टॉप आर्डर एक बार फिर तब धराशाई हो गया जब उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। क्या टीम इंडिया अब वापसी कर पाएगी?

India vs Australia: आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final 2023) मैच में भारतीय टीम पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पहला दिन जहां पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में गया तो दूसरे दिन भी कंगारुओं ने भारत के पांच मुख्य बल्लेबाजों को आउट करके भारतीय पारी की बर्बादी की कहानी लिख दी है।
असल में टीम इंडिया के पास इस मैच में निचले क्रम पर संकटमोचक की भूमिका निभाने वाले ऋषभ पंत नहीं है जिसके चलते यह टीम शुरू के चार-पांच विकेट गंवाने के बाद बहुत नाजुक स्थिति में दिखाई देती है। टीम इंडिया के 5 विकेट 38 ओवर में 151 रनों पर गिर चुके हैं।
अगर आज ऑस्ट्रेलिया पहले सेशन में एक-दो विकेट ले लेते हैं तो भारतीय टीम 200 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगी। ऐसे में अजिंक्य रहाणे और श्रीकर भरत के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। क्योंकि उनके बाद कोई प्रॉपर बल्लेबाज मौजूद नहीं है। आइए देखते हैं भारत के 5 विकेट कैसे गिरे-
1. रोहित शर्मा आईपीएल में खराब फॉर्म से आ रहे थे जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी जारी रही। इस बार विपक्षी कप्तान पैट कमिंस ने आगे की लेंथ पर बॉल डाली जिसने अंदर की ओर तेजी से कांटा बदला और रोहित के पास इसका कोई जवाब नहीं था। रोहित एलबीडब्ल्यू आउट हो गए, उन्होंने 26 गेंदों पर 15 रनों की पारी खेली।
2. दूसरा विकेट शुभमन गिल का रहा जो आईपीएल की टॉप फॉर्म से आ रहे थे। उनकी ओवरऑल फॉर्म भी लाजवाब थी लेकिन उन्होंने स्कॉट बोलेंड की बेहतरीन गेंद पर खुद के ऑफ स्टंप का पता नहीं पाया। इस आउट के साथ गिल को समझ में आया होगा कि इंग्लैंड में आला गेंदबाजी के सामने अपने ऑफ स्टंप के बारे में जागरूक होना कितना अहम है। गिल ने 13 रन बनाए और अंदर आती गेंद को छोड़ने के प्रयास में अपने ऑफ स्टंप की धज्जियां उड़ा दी।
3. ऐसे में भारत को अपने दो सबसे अनुभवी बल्लेबाज और चेतेश्वर पुजारा में विराट कोहली से काफी उम्मीदें थी लेकिन पुजारा भी गिल वाली गलती करके आउट हो गए। पुजारा कैमरन ग्रीन की गेंद की लाइन को समझने में पूरी तरह चूक गए, क्योंकि उनका पैर उनके ऑफ स्टंप पर नहीं आया और इतना काउंटी क्रिकेट खेलने के बाद जब उनका सामना वास्तविक गेंदबाजी से हुआ तो वे 14 रन बनाकर चलते बने। भारत के टॉप ऑर्डर में सबसे खराब ढंग से आउट होने वाला विकेट यही कहा जाएगा।
4. विराट कोहली एक मजबूत बल्लेबाज है जिनके पास कुछ अच्छी तकनीक मौजूद है लेकिन वह भी ऑफ स्टंप छोड़ती हुई गेंद पर जिस तरह से बार-बार फ्रंट फुट पर आते हैं, उसने बताया है कि विराट को अब क्रीज का सही से इस्तेमाल करना और बैकफुट पर अपने गेम को ट्रस्ट करना करना शुरू कर देना चाहिए। निश्चित तौर पर यह एक बहुत ही शानदार गेंद थी जिसके लिए कोहली को बेनिफिट आफ डाउट दिया जाएगा। विराट ने 31 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली और मिचेल स्टार्क की छोटी लेकिन अप्रत्याशित तौर पर उछली गेंद पर स्लिप में कैच थमा बैठे।
5. विराट कोहली के आउट होने के बाद भारत की पारी धराशाई हो सकती थी, अगर रवींद्र जडेजा 48 रनों की पारी ना खेलते। इस दौरान अजिंक्य रहाणे 17 रनों के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए थे लेकिन भारत की किस्मत से पैटकमिंस की वह गेंद नो-बॉल साबित हुई। जडेजा ने 48 रन बनाए लेकिन वे ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की पहली गेंद पर ऑफ स्टंप से बाहर टर्न लेती गेंद खेलने की गलती कर बैठे, जिसके चलते ऐज निकला मुस्तैद स्मिथ के हाथों में समा गया।
इस तरह भारत के 5 विकेट गिर चुके हैं। भारत को मैच बचाना है तो 29 रन पर खेल रहे रहाणे के ऊपर काफी दारोमदार रहेगा जो 5 रन बनाकर खेल रहे भरत के साथ क्रीज पर मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications