केएल राहुल या केएस भरत? WTC फाइनल के लिए सबा करीम ने चुना अपना विकेटकीपर
WTC Final: पंत की गैर मौजूदगी में डब्ल्यूटीसी के फाइनल से पहले भारतीय थिंक टैंक को कीपिंग की समस्या को हल करने की आवश्यकता है क्योंकि ईशान किशन और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी फिलहाल इंतजार कर रहे हैं।

World Test Championship: हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में केएस भरत अपनी विकेटकीपिंग और कुछ हद तक बल्लेबाजी को लेकर सवालों के दायरे में खड़े रहे। उन्होंने चोटिल ऋषभ पंत की जगह बिल्कुल भी अच्छे से नहीं भरी है। भारत ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भरत को चारों मैचों में खिलाया लेकिन अब सामने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला है जिसके लिए सुनील गास्वकर जैसे दिग्गज ने साफ कह दिया है कि आप भरत की जगह केएल राहुल से कीपिग कराएं। इसमें शक नहीं कि टेस्ट में ईशान किशन और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी फिलहाल इंतजार कर रहे हैं।
राहुल इंग्लैंड में बढ़िया बैटिंग कर सकते हैं लेकिन जब कीपिंग की बात आती है, तो उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट में खुद को साबित करना बाकी है। भारत के पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने कहा कि टीम प्रबंधन भरत पर जिम्मेदारी के साथ भरोसा कर सकता है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इंग्लैंड में भरत के लिए कीपिंग करना आसान नहीं होगा लेकिन इस खिलाड़ी को सपोर्ट किया जाना चाहिए।
करीम ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा , "आखिरकार, यह टीम मैनेजमेंट पर निर्भर है। लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह से भारतीय टीम ने हाल के दिनों में युवाओं के साथ व्यवहार किया है, उस हिसाब से वे भरत को मौका देंगे। भरत पर टीम ने काफी निवेश किया है और अब वे टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। इतनी जल्दी भरोसा छोड़ देना आसान नहीं होगा।
हालांकि नए खिलाड़ी के नजरिए से भरत ने हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान कुछ पारियों में बल्ले से तेज रन बनाने की प्रतिभा दिखाई लेकिन उन्होंने स्टंप के पीछे कुछ गलतियां कीं और सबा करीम का मानना है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज के लिए वहां सुधार की गुंजाइश है।
खुद कीपर रह चुके सबा ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट केएस भरत को अधिक मौके देगा। हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हैं, एक युवा विकेटकीपर के लिए इन हालात में अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता है। और कुछ टेस्ट मैचों में वह स्टंप्स के पीछे काफी अच्छे रहे हैं। सुधार की गुंजाइश तो हमेशा है लेकिन अगर किसी युवा क्रिकेटर के विकास में इतना समय लगाया है तो आप उसको टीम में एक सिक्योर माहौल देते हैं।"
भारत फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 7 जून को लंदन के द ओवल में WTC फाइनल में खेलेगा। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। उन्होंने पिछली बार न्यूजीलैंड के हाथों टेस्ट चैम्पियनशिप गंवा दी थी।












Click it and Unblock the Notifications