WTC 2023 Final: शास्त्री, पोंटिंग, अकरम ने ऑस्ट्रेलिया को बताया फेवरेट, राहुल द्रविड़ ने दी शानदार प्रतिक्रिया
WTC Final 2023: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को 7 जून से भारत के खिलाफ होने जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले के लिए फेवरेट चुना गया है जिस पर भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ ने प्रतिक्रिया दी है।

IND vs AUS: भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने वसीम अकरम, रिकी पोंटिंग और रवि शास्त्री की उस बात पर जवाब दिया है जहां इन तीन दिग्गजों ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के लिए ऑस्ट्रेलिया (Australia Cricket Team)को जीत का दावेदार बताया है।
इन तीनों महान हस्तियों ने ऑस्ट्रेलिया को भारत की तुलना में डब्ल्यूटीसी 2023 फाइनल ट्रॉफी उठाने के लिए थोड़ा ज्यादा फेवरेट बताया है। रवि शास्त्री (Ravi Shastri) का मानना है कि भारत के पास जसप्रीत बुमराह नहीं है। पोंटिंग (Ricky Ponting) का कहना है कि भारतीय खिलाड़ी आईपीएल 2023 के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की तुलना में थोड़े थके हुए हैं। वसीम अकरम (Wasim Akram) ने भी कंगारुओं को चुना है।
ऐसे में राहुल द्रविड़ ने कहा है कि, 'जो भी कुछ होगा वह अगले 5 दिनों में होगा। जो भी इससे पहले हुआ, या जो भी कुछ कहा गया है, वह मायने नहीं रखता। कौन फेवरेट है और कौन नहीं, यह दोनों टीमें शानदार हैं जो खेल रही है।'
'दोनों टीमों के पास अच्छे खिलाड़ी हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम अच्छा क्रिकेट खेलते हैं और 20 विकेट लेने के साथ स्कोर भी करते हैं, तो यह मैच जीत जाएंगे। यह अच्छी बात है कि ज्यादा हाइप नहीं है।'
भारतीय क्रिकेट टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2013 में अंतिम बार चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और उसके बाद से कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। टीम इंडिया पिछली बार भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में हार गई थी। लेकिन द्रविड़ इसको कोई दबाव नहीं मानते हैं।
द्रविड़ कहते हैं कि, 'आपको वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबला खेलने से पहले देखना होगा कि यह पिछले 2 साल के शानदार रिजल्ट का नतीजा है। आपको पूरी प्रोसेस पर ध्यान देना होगा जिसमें आप बहुत सारे पॉजिटिव ले सकते हैं। हमने इसी साइकिल की पॉइंट टेबल में अपनी स्थिति ऊंची रखी, ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराया, फिर यहां पर सीरीज ड्रा की।'
"पिछले 6 साल से हमने दुनिया भर में बहुत कड़ा क्रिकेट खेला है। तो यह चीजें सिर्फ इसलिए नहीं बदल सकती हैं कि आपके पास एक आईसीसी ट्रॉफी नहीं है। आपको बड़ी तस्वीर की ओर देखना होगा।"












Click it and Unblock the Notifications