हरभजन ने कहा, WTC Final में ज्यादा ही 'टाइट' होकर खेल रहे हैं खिलाड़ी, टीम इंडिया में नहीं नजर आ रही वो निडरता
Team India in WTC Final 2023: हरभजन सिंह ने भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को आईसीसी ट्रॉफी के नॉकआउट मैचों में बिखरने से बचने के लिए एक जरूरी सलाह दी है।

WTC Final 2023 in Hindi: भारतीय टीम जिस तरह से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में संघर्ष कर रही है, उसको देखते हुए भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) का मानना है कि यह टीम आईसीसी टाइटल मुकाबले में कुछ ज्यादा ही 'टाइट' हो जाती है।
भज्जी का कहना है कि, भारतीय खिलाड़ी खुलकर नहीं खेल पाते और उनके अंदर वह निडरता दिखाई नहीं देती जो एक आईसीसी ट्रॉफी जीतने के लिए टीम में चाहिए। दबाव में खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी कैसे कोई ट्रॉफी उठा पाएंगे?
भारत ने 2013 के बाद से आईसीसी की कोई ट्रॉफी नहीं जीती है। वह बार-बार नॉक आउट स्टेज में जाकर हारते हैं। भारत ने पिछला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबला भी हारा था और इस बार भी वे बैकफुट पर दिखाई दे रहे हैं।
आस्ट्रेलिया की पहली पारी 469 रनों के जवाब में भारत ने पहली पारी में दूसरे दिन स्टंप तक 5 विकेट के नुकसान पर 151 रन बना लिए थे और उनका टॉप ऑर्डर एक बार फिर से फ्लॉप साबित हुआ था।
दिग्गज ऑफ स्पिनर ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि, खिलाड़ियों के पास स्किल की कोई कमी नहीं है। आप जितने बड़े मैच खेलते हैं उतने ही बेहतर बनते जाते हैं। मुझे लगता है, हम इन मैचों में कुछ ज्यादा ही टाइट हो जाते हैं। हमें थोड़ा और आजादी से खेलना होगा और नतीजे के बारे में नहीं सोचना होगा।
हरभजन ने कहा कि खिलाड़ियों को उनका काम करने देना चाहिए। अगर आप उन पर दबाव डालते हैं कि वे परफॉर्म नहीं कर पाए तो बाहर हो जाएंगे, फिर आपको दिक्कत हो सकती है।
हरभजन सिंह इंग्लैंड में हो रहे इस फाइनल मैच में एक कमेंटेटर के तौर पर काम कर रहे हैं, और उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को ट्रॉफी जीतने के लिए ज्यादा दबाव नहीं लेने की सलाह दी है।
फिलहाल यह नहीं पता कि यह मुकाबला भारत जीतने जा रहा है या नहीं, लेकिन आने वाले मैचों के लिए हरभजन ने कहा है कि, आप खिलाड़ियों में यह भरोसा दीजिए कि वह भले ही अच्छा ना करें, बस अपना बेस्ट दें और टीम में बने रहेंगे। इस तरह से शायद हम खुलकर खेलने के बाद कुछ खिताब उठा सकें। केवल निडर होकर खेलिए।












Click it and Unblock the Notifications