WPL 2023 के पहले मुकाबले का कार्यक्रम बदला गया, मुंबई और गुजरात के बीच मैच देरी से शुरू होगा
मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी पर यह मैच होना है लेकिन टॉस का समय बदला गया है।

WPL 2023 1st Match rescheduled: महिला प्रीमियर लीग का इंतजार हर किसी को था और यह अब लगभग समाप्त हो गया है। शनिवार को टूर्नामेंट का पहला मैच गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा लेकिन दर्शकों को तय समय से थोड़ा ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा। पहले मुकाबला का समय आगे बढ़ाया गया है। मुकाबला अब 30 मिनट देरी से शुरू होगा। ग्रांड ओपनिंग सेरेमनी के कारण थोड़ा समय ज्यादा लगेगा, ऐसे में टॉस का कार्यक्रम पुनर्निर्धारित किया गया है।
मुकाबले में अब टॉस शाम 7 बजकर 30 मिनट पर होगा। इसके अलावा मुकाबला 8 बजे से शुरू होगा। इससे पहले ग्रांड ओपनिंग सेरेमनी भी देखने को मिलेगी। शाम 6 बजकर 25 मिनट से उद्घाटन सेरेमनी देखने को मिलेगी। इसमें रंगारंग कार्यक्रम होंगे। फैन्स के आने का सिलसिला 4 बजे के बाद शुरू हो जाएगा। मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी स्टेडियम के गेट 4 बजे खोल दिए जाएंगे।
समय बदलने को लेकर एक रिलीज के जरिये बताया गया कि पहले मैच की शुरुआत 8 बजे से होगी। कार्यक्रम पुनर्निर्धारित किया गया है। टॉस शाम 7 बजकर 30 मिनट पर होगा। गेट 4 बजे खुलेंगे, ताकि फैन्स ग्रांड ओपनिंग सेरेमनी का आनन्द उठा सकें। उद्घाटन सेरेमनी का समय शाम 6 बजकर 25 मिनट रखा गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री कियरा आडवाणी और कृति सेनन परफॉर्म करेंगी। सिंगर एपी ढिल्लो भी प्रस्तुति देंगे।
मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के पास है। कौर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी करने का एक लम्बा अनुभव है। हालांकि गुजरात जायंट्स की टीम भी सुदृढ़ दिख रही है। बेथ मूनी इस टीम को लीड करती हुई नज़र आएंगी। महिलाओं के लिए फ्री एंट्री है, वहीँ पुरुष फैन्स को मैच देखने के लिए टिकट खरीदकर आना होगा। 100 और 400 रुपये टिकटों के निर्धारित किये गए हैं। लम्बे समय से महिला लीग की मांग की जा रही थी और अब यह मांग पूरी हो गई है। महिला क्रिकेट के लिए भारत में यह एक बड़ा कदम है।












Click it and Unblock the Notifications