WPL 2023: मुंबई इंडियंस की लगातार दूसरी जीत, आरसीबी को बुरी तरह रौंदा
महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच मुकाबला एकतरफा हो गया, मुंबई इंडियंस ने लीग में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

WPL 2023: कागज पर मजबूत टीम होने के बाद भी आरसीबी का प्रदर्शन अब तक प्रभावशाली नहीं रहा है। आरसीबी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 9 विकेट से हार का समाना करना पड़ा है। आरसीबी की लगातार दूसरी हार है। वहीं मुंबई इंडियंस ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। पहले खेलते हुए आरसीबी 155 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। जवाबी पारी में खेलते हुए मुंबई इंडियंस ने 1 विकेट पर 159 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई ने यह मैच एकतरफा बना दिया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लेने के बाद आरसीबी ने सोफी डिवाइन का विकेट सबसे पहले गंवाया। वह महज 16 रन बनाकर आउट हो गईं। दिशा कासत बिना खाता खोले चलती बनीं। कप्तान स्मृति मंधाना अच्छी शुरुआत को बरकरार रखने में नाकाम रहीं और 17 गेंद में 23 के निजी स्कोर पर चलती बनीं। इसके बाद निचले क्रम से कुछ रन देखने को मिले। ऋचा घोष ने 28, श्रेयांका पाटिल ने 23 रनों का योगदान दिया। मेगन शूट के बल्ले से भी 20 रन देखने को मिले। इस तरह आरसीबी उन्नीसवें ओवर में 155 के कुल स्कोर पर आउट हो गईं।
मुंबई इंडियंस के लिए हैली मैथ्यूज ने सबसे धाकड़ गेंदबाजी की। उन्होंने 28 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये। साइका इशाक ने पिछले मैच की तरह इस बार भी अपने धाकड़ खेल का प्रदर्शन किया। वह 2 विकेट लेने में सफल रहीं। उनके अलावा अमेलिया केर ने भी 2 विकेट अपने नाम किये। नताली सीवर और पूजा वस्त्राकर को भी 1-1 सफलता मिली।
जवाबी पारी में खेलते हुए मुंबई इंडियंस ने यास्तिका भाटिया का विकेट गंवाया। वह 19 गेंदों का सामना कर 23 रन के निजी स्कोर पर आउट हुईं। उनके बाद हैली मैथ्यूज और नताली सीवर ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए आरसीबी के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने जमकर बल्लेबाजी की। मैथ्यूज ने 38 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए। नताली ने 29 गेंदों में नाबाद 55 रनों की पारी खेली। इस तरह मुंबई ने 15वें ओवर में 1 विकेट पर 159 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications