विश्वकप की टीम में संजू सैमसन को नहीं मिली जगह, रोहित शर्मा ने कही ये बात
विश्वकप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया। जैसा कि पहले से माना जा रहा था कि टीम में केएल राहुल की वापसी हो सकती है, वैसा ही हुआ। उन्हें टीम में जगह मिली है। लेकिन संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिल पाई है।
बता दें कि संजू सैमसन को एशिया कप में ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में चुना गया था। केएल राहुल के चोटिल होने की वजह से संजू सैमसन को ईशान किशन के बैकअप के रूप में रखा गया था। लेकिन उन्हें विश्वकप की टीम में नहीं चुना गया है।

अब जबकि केएल राहुल ठीक हो चुके हैं और वह श्रीलंका पहुंचकर टीम के साथ जुड़ेंगे तो ऐसे में संजू सैमसन को टीम से बाहर होना पड़ा है। उनकी जगह ईशान किशन को टीम में जगह दी गई है। कयास लगाए जा रहे थे कि सूर्यकुमार यादव की जगह उन्हें टीम में जगह मिल सकती है, लेकिन चयनकर्ताओं ने सूर्या को ही को तरजीह दी है।
वनडे में संजू सैमसन के प्रदर्शन की बात करें तो 13 मैचों में उन्होंने 55.71 की औसत से 390 रन बनाए हैं, उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं। वहीं 54 वनडे में केएल राहुल ने 45.13 के औसत से 1986 रन बनाए हैं। इस दौरान 52 पारियों में केएल ने 5 शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं।
टीम के ऐलान के दौरान रोहित शर्मा ने कहा कि जब किसी खिलाड़ी को नहीं चुना जाता है तो मुझे पता है कि कैसा महसूस होता है, मैं भी यह सब देख चुका हूं। हमे टीम के लिए जो बेस्ट खिलाड़ी हैं उन्हें चुनना होता है। जिन्हें टीम में जगह नहीं मिली है उन्हे निराश नहीं होना चाहिए, टीम में जब भी मौका मिले जगह बनाने के लिए तैयार रहना चाहिए।
विश्वकप के लिए टीम इंडिया
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव












Click it and Unblock the Notifications