World Cup: शाकिब अल हसन की जगह बांग्लादेश टीम में नया खिलाड़ी, ICC ने डी मंजूरी
Replacement for Shakib Al Hasan: श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला जीतने के एक दिन बाद ही बांग्लादेश के लिए एक बुरी खबर सामने आई। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन चोट की वजह से बाहर हो गए। वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की टीम को अभी एक मुकाबला और खेलना है।
शाकिब के बाहर होने से टीम को एक बड़ा झटका लगा है लेकिन बीसीबी ने उनकी जगह टीम में शामिल होने वाले नए खिलाड़ी की घोषणा कर दी है। अनामुल हक को शाकिब अल हसन का रिप्लेसमेंट घोषित किया गया है। आईसीसी की तकनीकी समिति ने इस रिप्लेसमेंट को मंजूरी प्रदान कर दी है।

शाकिब अल हसन के बाएँ हाथ की उंगली में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोट लग गई थी। वह जब बैटिंग कर रहे थे, उस समय चोट लगी। हालांकि वह बल्लेबाजी करते रहे लेकिन अब चोट की गहराई के बारे में पता चलने के बाद वह बाहर हो गए हैं।
बांग्लादेश टीम के फिजियो का कहना है कि शाकिब के बाएँ हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगी थी। वह दर्दनिवारक दवा और टेप के सहारे खेलते चले गए थे। गेम के बाद इमरजेंसी में उनका एक्सरे कराया गया और इससे पता चला कि उनको फ्रेक्चर हो गया है। तीन या चार सप्ताह उनको रिकवर होने में लग सकते हैं। वह आज बांग्लादेश के लिए रवाना हो जाएंगे।
आईसीसी ने अपनी वेबसाईट पर शाकिब अल हसन की जगह आने वाले खिलाड़ी को मंजूरी देने की जानकारी प्रदान कर दी है। आईसीसी ने लिखा है कि शाकिब अल हसन की जगह अनामुल हक को बांग्लादेश की टीम में बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में तकनीकी समिति ने मंजूरी दी है।
इससे पहले शाकिब अल हसन ने मैथ्यूज को टाइम आउट देने के लिए अपील की थी और इस पर काफी बवाल हुआ था। शाकिब अल हसन को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है। बैटिंग के दौरान उनके बल्ले से 82 रन आए। बाद में एंजेलो मैथ्यूज ने ही उनको आउट किया।












Click it and Unblock the Notifications