SA vs AFG: ओमरजई ने खेली धमाकेदार पारी, अफगानिस्तान 244 रन पर ऑल आउट
South Africa vs Afghanistan: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम अंतिम गेंद पर आउट हो गई। अफगानिस्तान ने 244 रनों का स्कोर खड़ा किया। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज ओमरजई थे, वह 97 रन बनाकर नाबाद रहे।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रनों की भागीदारी की। कोएट्जी ने गुरबाज को 15 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

जादरान भी गुरबाज के पीछे चले गए। उनको केशव महाराज ने 25 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। उनके बाद तीसरे बल्लेबाज के रूप में शाहिदी आउट हो गए। वह महज 2 रनों का योगदान ही दे पाए। इस तरह अफगानिस्तान की टीम मुश्किल में फंस गई।
तीन विकेट गिरने के बाद ओमरजई और रहमत शाह ने कुछ रन जोड़े लेकिन 94 के स्कोर पर रहमत शाह के रूप में अफगानिस्तान को एक और झटका लग गया। वह 26 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौटे। यहाँ से इकराम अलिखिल 12 और मोहम्मद नबी 2 रन बनाकर आउट हो गए और स्कोर 6 विकेट पर 116 रन था।
ओमरजई दूसरे छोर पर खड़े थे। उनको राशिद खान ने अच्छा सहयोग दिया। दोनों मिलकर स्कोर 150 के पार लेकर चले गए। ओमरजई ने अर्धशतक जमा दिया लेकिन राशिद खान 14 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। यहाँ से नूर अहमद ने भी बेहतरीन बैटिंग की और ओमरजई के साथ मिलकर स्कोर 200 के पार ले गए। नूर अहमद 26 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद मुजीब 8 रन पर आउट हो गए।
ओमरजई अंत तक खड़े रहे और शतक का मौका भी आया था लेकिन वह इसे पूरा नहीं कर पाए। अंतिम गेंद पर नवीन उल हक रन आउट हो गए और ओमरजई 97 रन बनाकर नाबाद लौटे। अफगानिस्तान की टीम 244 पर सिमट गई। अफ्रीका के लिए कोएट्जी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications