Women's World Cup : ऑस्ट्रेलियाई टीम पहुंची सेमीफाइनल में, विंडीज पर दर्ज की धमाकेदार जीत
स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी महिला विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने विंडीज पर 157 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। ऑस्ट्रेलिया ने 9वीं बार महिला विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया है। इसके अलावा वह अब तक छह बार वर्ल्ड कप भी जीत चुके हैं। रोचक बात यह है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने महिला विश्व कप 2022 में अब तक खेले गए सभी मैचों में जीत हासिल की है।
यह भी पढ़ें- गाैतम गंभीर की बदाैलत स्टार बना ये खिलाड़ी, पहले नहीं था कभी चर्चा में

एलिसा हीली ने लगाया शतक
मैच की बात करें तो सेमीफाइनल में विंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन मैच शुरू होने से पहले बारिश ने खलल डाला जिस कारण मैच 45-45 ओवर का किया गया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में 3 विकेट पर 305 रन बनाए। कप्तान एलिसा हीली के बल्ले से धमाकेदार पारी निकलती दिखी, जिन्होंने 107 गेंदों में 129 रन बनाए। इसके अलावा रेचल हेन्स ने भी 100 गेंदों में 85 रन बनाकर विंडीज की उम्मीदों को झटका दिया। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी की। फिर आखिरी पलों में बेथ मूनी ने 31 गेंदों में 43 रनों की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 3 विकेट पर 305 तक पहुंचाया।

नहीं टिक सकी विंडीज टीम
फिर जवाब में उतरी विंडीज महिला टीम महज 37 ओवर में 148 रन पर ही ढेर हो गई। सिर्फ कप्तान स्टेफनी टेलर ही संघर्ष करती दिखीं, जिन्होंने सर्वाधिक 48 रन बनाए। स्टेफनी टेलर को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं पाई। उनके 6 खिलाड़ी दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके।

3 विकेट गंवाने के बाद नहीं संभल पाए
विंडीज का पहला विकेट उस समय गिरा जब स्कोर 12 पर था। राशदा विलियम्स बिना खाता खोले पवेलियन लाैट गईं। इसके बाद डायंड्रा डॉटिन ने 35 गेंदों में 34 रन बनाए और पवेलियन में लौट आए। विंडीज को तीसरा झटका हेली मैथ्यूज के रूप में लगा, जिन्होंने 34 रन बनाए और वह जोनासेन का शिकार हो गईं। ये तीन अहम विकेट गंवाने के बाद विंडीज की टीम वापसी नहीं कर पाई और फिर 148 रन पर अपने सभी विकेट गंवा दिए।












Click it and Unblock the Notifications