क्या छिन जाएगी सूर्यकुमार यादव से टी20 की कप्तानी? BCCI ने कर दिया खुलासा
Suryakumar Yadav: भारतीय टी20 क्रिकेट टीम की कप्तानी को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं हो रही हैं। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन या हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी जा सकती है। इन विरोधाभासी खबरों ने प्रशंसकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी थी, बीसीसीआई ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट में बीसीसीआई सूत्र के हवाले से बताया गया है कि कप्तान बदलने की ये तमाम खबरें पूरी तरह से आधारहीन हैं और चयनकर्ताओं के बीच फिलहाल इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई है। आधिकारिक तौर पर यह साफ हो गया है कि सूर्यकुमार यादव ही भारतीय टी20 टीम के वर्तमान कप्तान बने रहेंगे।

यह स्पष्टीकरण इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय टीम को जल्द ही आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरों पर जाना है। भारत 26 जून 2026 से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज खेलेगा और उसके तुरंत बाद 1 जुलाई 2026 से इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत होगी।
सूर्यकुमार यादव का शानदार रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव का बतौर कप्तान रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 52 मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया है जिसमें से टीम को 40 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है। उनका 76.92 प्रतिशत का विनिंग रेट रोहित शर्मा के रिकॉर्ड के काफी करीब है। उनके नेतृत्व में ही भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। विश्व कप के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जिसमें अमेरिका के खिलाफ उनके द्वारा बनाए गए नाबाद 84 रनों का विशेष योगदान था, जिसकी बदौलत भारत संकट की स्थिति से उभरकर मैच जीतने में सफल रहा था।
आईपीएल में सूर्या का खराब प्रदर्शन
कप्तानी को लेकर कयास लगने का एक मुख्य कारण सूर्यकुमार यादव का आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन माना जा रहा है। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए वह 11 मैचों में महज 17.72 की औसत से रन बना सके हैं। हालांकि बीसीसीआई ने साफ किया है कि फिलहाल किसी बदलाव की योजना नहीं है। यदि भविष्य में कभी सूर्यकुमार अनुपलब्ध होते हैं, तो हार्दिक पांड्या कप्तानी की दौड़ में अन्य विकल्पों से आगे नजर आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications