क्या सिर्फ ड्रिंक्स पिलाकर ही घर लौट जाएंगे अर्जुन तेंदुलकर? लखनऊ के लिए डेब्यू का मौका मिलेगा या नहीं?
IPL 2026: आईपीएल 2026 का सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, लेकिन क्रिकेट फैंस के मन में एक सवाल लगातार गूंज रहा है कि क्या अर्जुन तेंदुलकर को इस सीजन में कम से कम एक मैच खेलने का मौका मिलेगा? 30 लाख के बेस प्राइस पर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा बने अर्जुन ने अब तक के सफर में सिर्फ एक ही भूमिका निभाई है, और वह है बाउंड्री लाइन से खिलाड़ियों के लिए 'ड्रिंक्स' लेकर जाना।
लखनऊ की टीम इस सीजन में अब तक 13 मैच खेल चुकी है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि अर्जुन एक बार भी अंतिम एकादश में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो सके। अब जब टीम अपना आखिरी लीग मैच खेलने जा रही है, तो सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि क्या अर्जुन का इंतजार खत्म होगा और वे लखनऊ के लिए अपना डेब्यू करेंगे?

23 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ लखनऊ का अंतिम मुकाबला है, लखनऊ ने 13 मैचों में सिर्फ 4 बार जीत दर्ज की और बेहद खराब प्रदर्शन के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई। अर्जुन तेंदुलकर मुंबई के लिए खेले हैं और अब लखनऊ से डेब्यू का इंतजार है।
आखिरी मैच में क्यों बन रहे हैं अर्जुन के समीकरण?
लखनऊ सुपर जायंट्स का आखिरी मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ है। इस मुकाबले के मायने सिर्फ औपचारिकता जैसे हैं। आइए नजर डालते हैं उन मुख्य वजहों पर, जिसके चलते अर्जुन तेंदुलकर को इस मैच में मौका मिल सकता है।
खोने के लिए कुछ नहीं: लखनऊ की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट और कप्तान के पास अब खोने के लिए कुछ नहीं है। सीजन के इस आखिरी मोड़ पर बेंच स्ट्रेंथ को आजमाना एक स्वाभाविक फैसला हो सकता है।
पेसर्स को आराम, अर्जुन को मौका: लगातार खेल रहे मुख्य तेज गेंदबाजों को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है। अगर लखनऊ किसी भी मुख्य पेसर को अंतिम एकादश से बाहर बैठती है, तो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर के रूप में अर्जुन तेंदुलकर के लिए सीधे दरवाजे खुल जाएंगे।
कप्तान पंत का फैसला: नेट्स पर अर्जुन को करीब से देखने वाले कप्तान ऋषभ पंत इस आखिरी मुकाबले में उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने का एक मौका जरूर देना चाहेंगे।
खेलने की संभावना: फिफ्टी-फिफ्टी
कुल मिलाकर देखा जाए तो इस आखिरी मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर के खेलने की संभावना फिफ्टी-फिफ्टी कही जा सकती है। अगर लखनऊ की टीम भविष्य को ध्यान में रखकर कुछ नए प्रयोग करना चाहती है, तो अर्जुन को डेब्यू कैप मिलना तय है। वहीं अगर मैनेजमेंट अपने पुराने कॉम्बिनेशन के साथ ही सीजन का अंत करना चाहता है, तो फिर अर्जुन को बिना कोई मैच खेले ही इस साल घर वापस लौटना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications