IPL 2022 में क्यों फ्लॉप रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम, शेन वॉटसन ने किया कारण का खुलासा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का अब तक का सीजन काफी मिला-जुला रहा है, हालांकि ओवरऑल प्रदर्शन की बात करें तो फैन्स के हाथ सिर्फ निराशा लगी है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने सीजन में खेले गये अब तक के 11 मैचों में से सिर्फ 5 में ही जीत हासिल की है। वहीं उसने इस सीजन एक बार भी लगातार दो मैचों में जीत हासिल नहीं की है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक अच्छी जीत हासिल करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 91 रनों की विशाल हार का सामना करना पड़ा है जिसके बाद उसके लिये बचे हुए सभी मैच नॉकआउट मैच बन गये हैं।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अगर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करनी है तो उसे बचे हुए तीनों मैच में जीत हासिल करने की दरकार है, तभी वो 16 अंक तक पहुंच पायेगी और बिना किसी नेट रन रेट की गणित के चौथे पायदान पर क्वालिफाई कर पायेगी। हालांकि अगर उसे एक भी मैच में हार का सामना करना पड़ा तो फिर प्लेऑफ में पहुंचने के लिये उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
Recommended Video

राजस्थान को हराना आसान नहीं होगा
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अपने अगले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम का सामना करना है जिसने अपने पिछले मैच में पंजाब को हराया है और तीसरे पायदान पर काबिज है। डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में दिल्ली के लिये जीत की राह पर लौटना जरूरी है, हालांकि यह आसान नहीं होगा। यह कहना टीम के सहायक कोच शेन वॉटसन का है।
उन्होंने कहा, "राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस सीजन की शुरुआत से ही अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी कारण वे शुरुआत से ही प्लेआफ की दौड़ में बने हुए हैं। जोस बटलर ने उनके लिए अविश्वसनीय प्रदर्शन किया है और साथ ही उनके पास रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल के रूप में विश्व स्तरीय स्पिनर हैं। रॉयल्स एक कठिन प्रतिद्वंद्वी साबित होगा और उसे हराने के लिए हमारे हर एक सदस्य को अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।"

गलतियों से सीखने की सलाह देते हैं पोंटिंग
वहीं शेन वॉटसन ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में मिली हार पर बात करते हुए कहा कि एक टीम के रूप में वो दिन हमारा नहीं था और हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।
उन्होंने कहा, "सीएसके के खिलाफ हमारा आखिरी मैच निश्चित रूप से हमारा सर्वश्रेष्ठ मैच नहीं था। सीएसके ने अविश्वसनीय रूप से अच्छी बल्लेबाजी की और एक बड़ा स्कोर हासिल किया। हम गेंद के साथ अपनी रणनीति पर काम नहीं कर सके। साथ ही साथ बल्ले से भी हम कुछ ऐसा नहीं कर सके, जो हमें मैच में बनाए रह सकता था। रिकी (पोंटिंग) ने हमेशा खिलाड़ियों को अपने पिछले मैच से सीखने की सलाह दी है। वह कहते हैं कि आप हर छोटी-छोटी चीज पर काम करते हुए अपने व्यक्तिगत खेल में सुधार कर सकते हैं और फिर अगले मैच के लिए बढ़ सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि खिलाड़ियों सीखते रहने की जरूरत है।"

इस वजह से दिल्ली को नहीं मिली लगातार जीत
दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच ने इस दौरान दिल्ली कैपिटल्स के पूरे सीजन रहे खराब प्रदर्शन पर भी बात की और बताया कि किस वजह से उनकी टीम को लगातार सफलता नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा, "इस सीजन में हमारी सबसे बड़ी चुनौती हमारा एक्सक्यूशन रहा है। हमने कई बार तीनों विभागों में अपनी योजनाओं को क्रियान्वित किया है, लेकिन हम यह काम लगातार नहीं कर पाए हैं। हमारे खिलाड़ी कंटेस्टेंट बने रहने का तरीका खोजने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उम्मीद है कि हम अंतिम तीन मैचों में अपनी योजनाओं पर अमल कर सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications