मोहम्मद सिराज का बड़ा खुलासा, पिता के निधन के बाद रवि शास्त्री ने की थी ये भविष्यवाणी
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए सिराज के पिता का निधन हो गया था, उस समय उन्होंने वहीँ रहने का निर्णय लिया था और टीम को जीत भी दिलाई।

Mohammed Siraj revelation: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह मोहम्मद शमी को टीम में शामिल किया गया है। सिराज के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे के समय एक दुखद घटना हुई थी। वह टीम इंडिया के साथ थे और हैदराबाद में उनके पिता का निधन हो गया था। इस स्थिति में सिराज ने टीम के साथ रहने का निर्णय लिया और उनको खेलने का मौका भी मिला। भारत ने टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। सिराज ने उस समय के कोच रवि शास्त्री को लेकर एक अहम खुलासा किया है।
रवि शास्त्री ने 5 विकेट लेने की बात कही
आरसीबी के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए सिराज ने कहा कि जब मेरे पिता का निधन हुआ था, उस समय अगले दिन मैं अभ्यास करने के लिए गया था। रवि शास्त्री ने कहा था कि तुम पांच विकेट लोगे। यह तुम्हारे पिता का आशीर्वाद है। जब ब्रिस्बेन में 5 विकेट लेने के बाद टीम डिनर कर रही थी, तब शास्त्री ने मुझसे पूछा कि क्या मैंने तुमको नहीं कहा था कि पांच विकेट लेने वाले हो।
पिता को हर विकेट समर्पित
सिराज ने यह भी बताया कि हर बार विकेट लेने के बाद वह आसमान की तरफ क्यों देखते हैं। उन्होंने कहा कि मैं विकेट अपने पिता को समर्पित करता हूं। सिराज ने कहा कि मेरे पिता का सपना था कि मैं भारत के लिए खेलूं, इसलिए जब भी मैं विकेट लेता हूं तो आसमान की तरफ देखकर उनको समर्पित करता हूं।
पहले विकेट का जश्न रहा था खास
भारतीय तेज गेंदबाज ने यह भी बताया कि जब मैंने ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान अपना -पहला विकेट झटका, तब मैंने और मयंक अग्रवाल ने मिलकर आसमान की तरफ देखते हुए यह सेलिब्रेशन किया था। गौरतलब है कि ब्रिस्बेन टेस्ट मैच में भारतीय टीम नये खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी और ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए इतिहास रच दिया था। गाबा टेस्ट को हर कोई याद करता है क्योंकि आधी टीम चोटिल होने के बाद बाहर हो गई थी, इसके बाद नये नामों के साथ उतरकर भारत ने मैच जीता।












Click it and Unblock the Notifications