लगातार 3 बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाली टीम है वेस्टइंडीज, 1983 में भारत से हार के बाद बुरे दिन आये
West Indies's performance in World Cups: आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में हारकर वेस्टइंडीज की टीम वनडे वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गई। इस साल यह मेगा इवेंट भारत में होना है। भारतीय सरजमीं पर होने वाले वर्ल्ड कप में विंडीज टीम नहीं होगी। इतिहास में पहली बार वेस्टइंडीज की टीम वनडे वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी।
यह किसी ने नहीं सोचा था कि वेस्टइंडीज की टीम स्कॉटलैंड से हार जाएगी। स्कॉटलैंड के पास टेस्ट दर्जा भी नहीं है। स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में वेस्टइंडीज टीम 181 के मामूली स्कोर पर आउट हो गई। इसके बाद वेस्टइंडीज को स्कॉटलैंड ने 7 विकेट से पराजित कर दिया।

दो बार की चैम्पियन है वेस्टइंडीज
एक समय ऐसा भी था जब वेस्टइंडीज टीम की तूती बोलती थी। धाकड़ बैटिंग और खतरनाक गेंदबाजों के साथ जब यह टीम मैदान पर होती थी, तो विपक्षी टीमों को सोचना पड़ता था। विंडीज के गेंदबाज सबसे तेज माने जाते थे। उसी समय के दौरान वेस्टइंडीज ने दो बार वनडे वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया था। साल 1975 में जीतने के बाद अगली बार 1979 में भी वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इसके बाद 1983 में भी वेस्टइंडीज फाइनल में पहुंची थी लेकिन भारत से हार गई।
1996 के बाद लगातार खराब प्रदर्शन
वेस्टइंडीज को 1987 और 92 के वर्ल्ड कप में पहले राउंड में बाहर होना पड़ा था। इसके बाद 1996 में एक बार फिर से यह टीम बेहतर खेल दिखाने में सफल रही और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। बाद में प्रदर्शन लगातार खराब हुआ। 1999 और 2003 में विंडीज पहले राउंड में बाहर हुई। 2007 में सुपर 8 और 2011 में क्वार्टर फाइनल में बाहर हुई। 2015 में भी कुछ ऐसा ही हुआ। 2019 में ग्रुप चरण में बाहर होने के बाद अब वेस्टइंडीज क्वालीफायर्स से ही बाहर हो गई।
क्वालीफायर्स में रहा खराब प्रदर्शन
वेस्टइंडीज को वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में जिम्बाब्वे से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद नीदरलैंड्स के खिलाफ विंडीज को सुपर ओवर में पराजित होना पड़ा था और स्कॉटलैंड के सामने 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह 2023 के वर्ल्ड कप से वेस्टइंडीज टीम बाहर हो गई।












Click it and Unblock the Notifications