टी20 विश्वकप के लिए वेस्टइंडीज टीम का ऐलान, एविन लुईस की वापसी; रसेल-नरेन को नहीं मिला मौका
ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी T20 World Cup के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया।
नई दिल्ली, 14 सितंबर: ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी T20 World Cup के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। टीम की कमान स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को सौंपी गई है, जबकि बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज एविन लुईस की टीम में वापसी हुई है। लुईस ने वेस्टइंडीज के लिए अपना आखिरी मैच पिछले साल यूएई में हुए टी20 वर्ल्ड कप 2021 में खेला था। वहीं आंद्रे रसेल और सुनील नरेन को स्क्वॉड में मौका नहीं मिला है।

दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी मिला मौका
विंडीज क्रिकेट बोर्ड ने मेगा टूर्नामेंट के लिए दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा बनाया है। इनमें दाएं हाथ के लेग स्पिन ऑलराउंडर यानिक कारिया और बाएं हाथ के बैटिंग ऑलराउंडर रेमन रीफर के नाम शामिल हैं। बता दें कि ये दोनों खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं। यानिक ने 3 वनडे मैचों में 53 रन बनाने के अलावा 3 विकेट चटकाए हैं, जबकि रेमन वेस्टइंडीज की ओर से 3 टेस्ट में 87 रन बनाने के अलावा दो विकेट ले चुके हैं। वनडे के 5 मैचों में उन्होंने 36 रन बनाने के साथ-साथ 5 विकेट हासिल किए हैं।
ICYMI: CWI has announced the 15-man squad for the Men's T20 World Cup 2022 in Australia! #MenInMaroon #T20WorldCup
More details⬇️ https://t.co/t6ils9Xdox pic.twitter.com/GKxgCHZcvG— Windies Cricket (@windiescricket) September 14, 2022

16 अक्टूबर को शुरू होगा टूर्नामेंट
दो बार की टी20 चैंपियन वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने अभी तक विश्वकप के लिए क्वालीफाई नहीं किया है। टीम को ग्रुप-बी में स्कॉटलैंड, जिम्बाब्वे और आयरलैंड के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मैच 17 अक्टूबर को स्कॉटलैंड के खिलाफ होबार्ट के मैदान पर खेलेगी। इन मैचों में टीम के रिजल्ट के बाद ही पूरन एंड कंपनी मुख्य दौर के लिए क्वालीफाई कर पाएगी।

वर्ल्ड कप के लिए विंडीज की टीम
वेस्टइंडीज: निकोलस पूरन (कप्तान), रोवमैन पॉवेल, यानिक करियाह, जॉनसन चार्ल्स, शेल्डन कॉटरेल, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसिन, अल्ज़ारी जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एविन लुईस, काइल मेयर्स, ओबेद मैककॉय, रेमन रीफर, ओडियन स्मिथ।












Click it and Unblock the Notifications