IND vs WI: अक्षर पटेल की बल्लेबाजी के मुरीद हुए विंडीज कप्तान पूरन, हार के बाद कही ये बात
रविवार को त्रिनिदाद में खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की।
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 25: रविवार को त्रिनिदाद में खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। भारत ने मेजबान टीम को आखिरी ओवर में 2 विकेट से हराया। जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 27 जुलाई को क्वींस पार्क ओवल, पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में ही खेला जाएगा। भारत की नजर जहां इस मुकाबले को जीतकर क्लीन स्वीप पर होगी तो वहीं विंडीज कप्तान आत्मसम्मान बचाने के लिए यह मैच जीतना चाहेंगे।

शाई होप ने जड़ा शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित ओवर में 6 विकेट खोकर 311 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शाई होप ने 135 गेंदों पर 115 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा काइल मेयर्स ने 23 गेंदों पर 39, शमरह ब्रूक्स ने 36 गेंदों पर 35, ब्रैंडन किंग ने 0, कप्तान निकोलस पूरन ने 77 गेंदों पर 74 और रोवमैन पॉवेल ने 10 गेंदों पर 13 रन बनाए। रोमारियो शेफर्ड 15 और अकील होसेन 6 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने 3 जबकि दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

अक्षर पटेल की शानदार पारी
312 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को एक धीमी शुरुआत मिली। धवन और गिल के बीच पहले विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई। 11वें ओवर में शिखर 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके अलावा शुभमन गिल ने 49 गेंदों पर 43, श्रेयस अय्यर ने 71 गेंदों पर 63, सूर्यकुमार यादव ने 8 गेंदों पर 9, संजू सैमसन ने 51 गेंदों पर 54 दीपक हुड्ड ने 36 गेंदों पर 33, शार्दुल ठाकुर ने 3 और आवेश खान ने 10 रन बनाए। अक्षर पटेल 64 और मोहम्मद सिराज 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

आखिरी ओवर में हारे मैच
2 विकेट से हार के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने कहा, "निश्चित रूप से, आखिरी कुछ ओवरों में हम पकड़ नहीं बना सके। अंतिम 6 ओवर में हम मुकाबलो को हार गए। हमें लगा कि स्पिनर को हिट करना आसान होता है। हमें मैच को सील करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी, लेकिन अक्षर ने वास्तव में शानदार बल्लेबाजी की।" अपने 100वें वनडे इंटरनेशनल मैच में शतकीय पारी खेलने वाले शाई होप को लेकर कप्तान पूरन ने कहा, "होप का 100वां वनडे, वह शतक बनाने के लिए असाधारण थे। हमने बल्लेबाजी समूह के तौर पर अच्छा काम किया। हमने वास्तव में कड़ी प्रतिस्पर्धा करने की कोशिश की। हम वास्तव में मैच जीतना चाहते थे।"












Click it and Unblock the Notifications