SL vs IRE: वनिंदु हसारंगा ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले वर्ल्ड के दूसरे गेंदबाज बने
SL vs IRE, Wanindu Hasaranga Record: वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में श्रीलंकाई टीम का धाकड़ प्रदर्शन जारी है। रविवार को श्रीलंका ने आयरलैंड को पराजित करते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली। अंक तालिका में श्रीलंकाई टीम पहले स्थान पर मौजूद है। श्रीलंका और आयरलैंड दोनों टीमें ग्रुप बी में हैं।
वनिंदु हसारंगा ने इस टूर्नामेंट में लगातार धाकड़ खेल का प्रदर्शन किया है। उनकी स्पिन गेंदबाजी को विपक्षी बल्लेबाज समझने में नाकाम रहे हैं। हसारंगा ने तीन मैच खेले हैं और हर बार 5 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किये हैं। वनडे में उनसे पहले लगातार तीन बार ऐसा एक ही गेंदबाज कर पाया है।

यूएई के खिलाफ मुकाबले में हसारंगा ने तबाही मचाते हुए कुल 6 विकेट अपने नाम किये थे। इसके बाद उन्होंने ओमान के खिलाफ भी अपनी यही शानदार फॉर्म बरकरार रखी। आज उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ भी 5 विकेट झटके हैं। लगातार तीन बार उन्होंने 5 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किये हैं। उनके नाम इस टूर्नामेंट में कुल 16 विकेट हो गए हैं।
वनडे इतिहास में हसारंगा से पहले पाकिस्तान के वकार यूनिस ने तीन बार पांच विकेट झटके थे। उनके बाद अब हसारंगा ने ऐसा करते हुए रिकॉर्ड कायम कर दिया। अब वकार और हसारंगा का नाम एक साथ लिया जाएगा। वकार का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका भी उनके पास है। अगले मैचों में वह ऐसा कर सकते हैं।
श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 325 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। श्रीलंकाई बल्लेबाज दिमुथ करुणारत्ने ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारी खेली। उनके अलावा समरविक्रमा ने भी फिफ्टी जमाई। आयरलैंड के गेंदबाज मार्क अडायर ने 4 विकेट झटके।
ग्रुप बी में श्रीलंकाई टीम का दबदबा देखने को मिला है। अब तक खेले गए तीनों मैचों में जीत हासिल कर श्रीलंका ने अंक तालिका को अपने कब्जे में ले लिया है। श्रीलंकाई टीम टॉप पोजीशन पर है। इस टूर्नामेंट में सबसे मजबूत टीम श्रीलंका की लग रही है।












Click it and Unblock the Notifications