SL vs IRE: हसारंगा ने कहर बरपाकर आयरलैंड को किया चित, श्रीलंका ने दर्ज की एक बड़ी जीत
ICC WQC, SL vs IRE: वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में 15वें मैच में श्रीलंका ने बड़ी जीत दर्ज कर ली। श्रीलंकाई टीम ने इस मुकाबले में आयरलैंड को बुरी तरह हरा दिया। आयरिश टीम को 133 रनों से हार का सामना करना पड़ा। पहले खेलकर श्रीलंका ने 325 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में खेलते हुए आयरलैंड 192 के मामूली स्कोर पर सिमट गई।
टॉस जीतकर आयरलैंड ने पहले गेंदबाजी चुनी। श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज निसंका और करुणारत्ने ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। इस दौरान निसंका 20 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद खेलने आए कुय्स्ल मेंडिस अगली ही गेंद पर गोल्डन डक बनाकर आउट हुए।

दो विकेट गिरने के बाद श्रीलंकाई पारी को करुणारत्ने और समरविक्रमा ने संभाल लिया। दोनों के बीच 150 से भी ज्यादा रनों की भागीदारी हुई। समरविक्रमा शतक के करीब जाने के बाद 82 के निजी स्कोर पर आउट हो गए लेकिन करुणारत्ने पहला वनडे शतक जड़ने में कामयाब रहे और 103 रन बनाकर चलते बने।
दो सेट बल्लेबाजों के आउट होने पर श्रीलंका की रन गति में कमी आई। हालांकि चरित असलंका ने 38 और धनंजय डी सिल्वा ने 42 रनों की पारी खेली। श्रीलंकाई टीम एक गेंद शेष रहते 325 के कुल स्कोर पर आउट हो गई। आयरलैंड के लिए मार्क अडायर ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। मैकार्थी को भी 3 विकेट मिले।
जवाबी पारी में खेलते हुए आयरलैंड ने सबसे पहले पॉल स्टर्लिंग का विकेट गंवाया। वह 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते चले गए। मैकब्रिन ने 17 और बैलबर्नी ने 12 रनों का योगदान दिया। हैरी टेक्टर ने 33 रनों की पारी खेली।
आयरलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन कर्टिस कैम्फर ने बनाये। वह 39 रन बनाकर आउट हो गए। पूरी आयरिश टीम 31 ओवर में 192 पर सिमट गई। वनिंदु हसारंगा ने एक बार फिर से खर बरपाया और 5 विकेट झटके। हालांकि उन्होंने 79 रन भी खर्चे। श्रीलंका की लगातार यह तीसरी जीत है और तालिका में पहले स्थान के साथ श्रीलंका ने सुपर छह में स्थान पक्का कर लिया है।
आज खेले गए दूसरे मुकाबले में स्कॉटलैंड ने ओमान को 76 रनों के अंतर से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 320 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी में खेलते हुए ओमान की टीम 9 विकेट पर 244 रनों का स्कोर ही हासिल कर पाई।












Click it and Unblock the Notifications