MS Dhoni: जब एमएस धोनी ने एक्टर योगी बाबू के साथ की मस्ती, Video देख नहीं रोक पाएंगे हंसी
Mahendra Singh Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई (Chennai) के लोगों के साथ एक खास नाता है। बेशक टीम इंडिया के पूर्व कप्तान धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन उनके चाहने वाले आज भी कैप्टन कूल की एक झलक पाने का मौका ढूंढते रहते हैं। इस बीच माही का साउथ के पॉपुलर एक्टर योगी बाबू के साथ एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है।
दरअसल, हाल ही में एमएस धोनी और उनकी पत्नी साक्षी ने अपने प्रोडक्शन की फिल्म 'एलजीएम' (लेट्स गेट मैरिड) का ट्रेलर लॉन्च किया। इस इवेंट में एक्टर योगी बाबू भी शामिल होने पहुंचे। इस कार्यक्रम का सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी वायरल हो रहा है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवां आईपीएल खिताब दिलाने वाले धोनी को लोकप्रिय अभिनेता योगी बाबू के साथ कुछ मजेदार पल साझा करते देखा जा सकता है।

भारत के पूर्व कप्तान ने हाल ही में अपना 42वां जन्मदिन भी मनाया, इस इवेंट में भी एक केक काटा गया जहां पर धोनी के साथ योगी बाबू भी नजर आए। दोनों ने एक दूसरे को केक खिलाया। इस पल का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जोकि माही के फैंस के बीच काफी पसंद भी किया जा रहा है।
'एलजीएम' का ट्रेलर लॉन्च 10 जुलाई को चेन्नई के लीला पैलेस में हुआ। 'एलजीएम' में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले योगी बाबू ने जब कार्यक्रम के दौरान एमएस धोनी से उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नियुक्त करने के लिए कहा, तो धोनी ने इस सवाल का सबसे मजेदार जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि, 'अंबाती रायडू रिटायर हो गए हैं। इसलिए, हमारे पास सीएसके में आपके लिए जगह है। मैं मैनेजमेंट से बात करूंगा। लेकिन, आप फिल्मों में काफी व्यस्त हैं। मैं आपको बताऊंगा, आपको इसके लिए लगातार खेलना होगा। वे बहुत तेज गेंदबाजी करते हैं और वे केवल आपको घायल करने के लिए गेंदबाजी करते हैं।'
दरअसल, धोनी ने एक प्रोडक्शन शुरू किया है जिसका नाम- धोनी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और 'एलजीएम' उनकी पहली फिल्म होगी। 'लेट्स गेट मैरिड' या 'एलजीएम' एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है, जिसमें हरीश कल्याण और इवाना मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। वहीं योगी बाबू और मिर्ची विजय सहायक भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म इस साल के अंत में या 2024 की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications