IPL 2022 में क्यों लगातार फ्लॉप हो रहा है CSK का स्टार बैटर, पूर्व क्रिकेटर ने बताई गायकवाड़ की कमजोरी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिये 15वें सीजन का आगाज अब तक कुछ खास नहीं रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने टूर्नामेंट से पहले अपने कप्तानी में बदलाव करते हुए रविंद्र जडेजा को कमान सौंप दी जिसके बाद से इस सीजन खेले गये मैचों में वो अब तक जीत का खाता खोल पाने में नाकाम रही है। सीएसके की टीम के लिये आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ है जब ओपनिंग के 3 मैचों में उसे लगातार हार का सामना करना पड़ा है।

इस सीजन से पहले सीएसके की टीम कभी पहले दो मैचों में भी लगातार नहीं हारी थी, हालांकि उसके लगातार हार के पीछे कई अहम कारण रहे, जिसमें टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी का फ्लॉप रहना, कमजोर गेंदबाजी और टॉस का पक्ष में न जाना था। रविवार को पंजाब के खिलाफ खेले गये मैच में टॉस भले ही चेन्नई के पक्ष में गया हो लेकिन बाकी के दोनों विभाग में कमजोर रहने की वजह से उसे लगातार तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा।
और पढ़ें: Video: करियर के आखिरी मैच में राष्ट्र गान सुन रोने लगे रोस टेलर, कोहली-द्रविड़ ने भी दिया फेयरवेल

पहली बार शुरुआत के लगातार 3 मैचों में हारी सीएसके
सीएसके की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पहले 2 ओवर में 2 विकेट भी चटका लिये लेकिन लियाम लिविंगस्टोन और शिखर धवन की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर पंजाब की टीम ने अगले 8 ओवर में स्कोर 109 रन पर पहुंचा दिया। सीएसके के गेंदबाजों ने अगले 10 ओवर में वापसी करते हुए सिर्फ 71 रन दिये लेकिन पंजाब की टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक नहीं पायी। ओस को देखते हुए इस मैदान पर 181 का स्कोर रन चेज में ज्यादा बड़ा नहीं नजर आ रहा था लेकिन सीएसके की टीम के लिये यह काफी बड़ा साबित हुआ और वो 126 रन पर ऑल आउट होकर 54 रनों से मैच हार गई।

3 मैचों में सिर्फ 2 रन बना सके हैं गायकवाड़
सीएसके के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने लगातार तीसरे मैच में निराश किया और एक रन बनाकर वापस पवेलियन लौटे। गायकवाड़ पिछले सीजन आईपीएल के ऑरेंज कैप विनर रहे थे और घरेलू क्रिकेट में भी रनों का अंबार लगा कर आ रहे हैं, ऐसे में उनकी खराब फॉर्म टीम के लिये बड़ा झटका है। गायकवाड़ अब तक खेली गई तीन पारियों में सिर्फ 2 (0,1,1) रन ही बना सके हैं। गायकवाड़ के फ्लॉप शो पर बात करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने उस कमजोरी का खुलासा किया है जिसके चलते वो आसानी से अपना विकेट गंवा देते हैं।

जाफर ने बताई गायकवाड़ की परेशानी
वसीम जाफर का मानना है कि गायकवाड़ को स्विंगिंग गेंदे खेलने में दिक्कत होती है और इस सीजन खेले गये तीनों मैचों में वो ऐसी ही गेंद पर अपना विकेट गंवाकर लौटे हैं। जाफर ने गायकवाड़ की परेशानी को लेकर दावा किया है कि यह पहली बार नहीं है जब वो इस तरह से आउट हो रहे हैं, घरेलू स्तर पर फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलते हुए भी वो कई बार ऐसी गेंदों का शिकार बने हैं।
ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए जाफर ने कहा,'वह अक्सर बल्ले का किनारा लगने की वजह से आउट होते हैं, यहां तक कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी मैंने उन्हें कई बार स्टंप के पीछे अपना विकेट गंवाते हुए देखा है। मुंबई की पिच तेज गेंदबाजों को मदद कर रही है। यहां बॉल स्विंग कर रही है, दुबई की तरह नहीं जहां पर एक तरफ की साइड छोटी होती थी। वह क्वालिटी प्लेयर हैं लेकिन उन्हें वापसी करने की राह तलाशनी होगी और सीएसके के लिये अच्छा करना होगा ताकि टीम फिर से जीत की राह पर लौट सके।'












Click it and Unblock the Notifications