Video: करियर के आखिरी मैच में राष्ट्र गान सुन रोने लगे रोस टेलर, कोहली-द्रविड़ ने भी दिया फेयरवेल
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की टीम अपने घर पर नीदरलैंडस के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज की मेजबानी कर रही थी, जिसका आखिरी मैच हैमिल्टन के सेडन पार्क मैदान पर खेला गया। इस मैच में कीवी टीम ने 115 रनों की विशाल जीत हासिल कर सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। इस सीरीज के साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सुपरस्टार रोस टेलर के करियर का भी अंत हो गया है। रोस टेलर ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि नीदरलैंडस के खिलाफ खेले जाने वाले सीरीज के आखिरी मैच के साथ ही वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूप को अलविदा कह देंगे।

ऐसे में जब वो सीरीज के आखिरी मैच में खेलने के लिये मैदान पर उतरे तो न सिर्फ उनके लिये बल्कि लाखों फैन्स के लिये भावुक कर देने वाला पल रहा। टॉस के बाद न्यूजीलैंड और नीदरलैंडस की टीम जब मैदान पर राष्ट्रगान के लिये उतरी तो इस दिग्गज खिलाड़ी के फेयरवेल मैच को देखते दोनों ओर के प्लेयर्स अपनी भावनाओं पर काबू रख पाने में नाकाम रहे।
और पढ़ें: PBKS vs CSK: कौन हैं पंजाब किंग्स के लिये डेब्यू करने वाले वैभव अरोड़ा, पहले ही मैच में मचाया तहलका
राष्ट्रगान के दौरान रोने लगे रोस टेलर
मैच से पहले किये जाने वाले राष्ट्रगान के दौरान रोस टेलर अपने तीनों बच्चों मैकिन्जी, जोंटी और एडिलेड के साथ मैदान पर पहुंचे और राष्ट्रगान गाया। इस दौरान वो अपनी भावनाओं पर काबू रख पाने में नाकाम नजर आये और उनकी आंखो से आंसू बहते हुए साफ नजर आये। राष्ट्रगान के बाद उनके साथी खिलाड़ी मार्टिन गप्टिल उन्हें सांत्वना देते नजर आया और कुछ देर बाद उनकी पत्नी विक्टोरिया और परिवार भी उनके साथ मैदान पर खड़ा नजर आया।

विपक्षी खिलाड़ियों ने भी दिया गार्ड ऑफ ऑनर
रोस टेलर के लिये यह भावुक कर देने वाला पल यहीं पर नहीं रुका, मैदान पर जब वो बल्लेबाजी करने के लिये उतरे तो नीदरलैंडस के खिलाड़ियों ने इस खिलाड़ी के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। हालांकि टेलर अपने करियर के आखिरी मैच में ज्यादा बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और सिर्फ 16 गेंदों में 14 रन बनाकर लोगन वान बीक का शिकार बनें। गौरतलब है कि रोस टेलर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2006 में अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया था और 16 साल के करियर के दौरान तीनों प्रारूपों में 14788 रन बनाये।
कोहली-द्रविड़ समेत दिग्गजों ने भेजा खास संदेश
आपको बता दें कि इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों ने एक वीडियो के जरिये रोस टेलर को उनके फेयरवेल मैच के लिये अपनी शुभकामनायें और संन्यास के बाद करियर की नई पारी शुरू करने के लिये बधाइयां भी दी हैं। इसमें भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़, पूर्व कप्तान विराट कोहली और कीवी टीम के पूर्व कप्तान डैनियल विटोरी समेत कई दिग्गज शामिल हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications