पाकिस्तानी गेंदबाज वहाब रियाज पंजाब प्रांत के बने खेल मंत्री, BPL खत्म होने के बाद लेंगे शपथ
पाकिस्तान के लिए 12 साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले वहाब रियाज अभी बांग्लादेश प्रीमियर लीग खेल रहे हैं। पाकिस्तान आकर वो अपने पद की शपथ लेंगे।

जिस तरह क्रिकेट का बॉलीवुड से पुराना नाता है, उसी तरह क्रिकेट का नाता राजनीति से भी है। भारत में ही नहीं बल्कि अन्य देशों में भी कई क्रिकेटर राजनीति में गए हैं। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में पूर्व कप्तान इमरान खान पिछले साल अप्रैल तक अपने मुल्क के प्रधानमंत्री रहे थे। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के एक और खिलाड़ी को राजनीति में अहम पदवी पर बिठाया गया है। दरअसल, पाकिस्तानी गेंदबाज वहाब रियाज को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का स्पोर्ट्स मिनिस्टर बनाया गया है।
12 साल पाकिस्तान के लिए क्रिकेट खेले हैं वहाब रियाज
आपको बता दें कि वहाब रियाज पाकिस्तान के लिए करीब 12 साल तक क्रिकेट खेले हैं। उन्होंने 2008 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और 2020 में उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था। 2020 के बाद से उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। वहाब रियाज ने 2019 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। वर्तमान में वहाब रिजाय बांग्लादेश प्रीमियर लीग खेल रहे हैं और इसी वजह से वो अभी खेल मंत्री पद की शपथ नहीं लेंगे। बीपीएल खत्म होने के बाद पाकिस्तान जाते ही वो इस पद की शपथ लेंगे।
11 कैबिनेट मंत्रियों का हुआ है ऐलान
आपको बता दें कि गुरुवार को पाकिस्तानी सरकार ने पंजाब प्रांत के 11 कैबिनेट मिनिस्टर का ऐलान किया था। राज्यपाल बाली उर रहमान ने लाहौर में गवर्नर हाउस में नई कैबिनेट को शपथ दिलाई। 8 मंत्रियों ने शपथ ले ली है। वहाब रियाज समेत 3 मिनिस्टर इस शपथ कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके हैं। यह तीनों बाद में शपथ लेंगे। इसमें 8 मिनिस्टर से शपथ ली। हालांकि, रियाज समेत 3 मिनिस्टर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
वहाब रियाज पीएसएल खेलेंगे या नहीं?
आपको बता दें कि वहाब रियाज पाकिस्तान सुपर लीग में भी खेलते हैं। पीएसएल में वहाब रियाज पेशावर ज़ालमी के लिए खेलते हैं। ऐसे में जब वहाब मंत्री पद की शपथ ले लेंगे तो वो पीएसएल खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी कुछ आधिकारिक रूप से नहीं कहा गया है। पीएसएल का अगला सीजन अगले महीने ही शुरू होगा। वहाब रियाज पीएसएल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके नाम 103 विकेट हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम कुल 237 विकेट हैं।












Click it and Unblock the Notifications