लक्ष्मण ने शेयर की ड्राइवर और कंडक्टर की फोटो, इनकी मदद के बिना पंत के लिए बहुत मुश्किल था बचना
हरियाणा रोडवेज के बस ड्राइवर सुशील और कंडक्टर परमजीत ने पंत को ना केवल बाहर निकाला बल्कि उस कार की चपेट में आने से भी बचा लिया जो पंत के निकलने के महज कुछ सेकंड बाद ही जलकर खाक हो गई।

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को जिस तरह से हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार और कंडक्टर परमजीत ने बचाया उसके बाद इनकी जितनी सहाहना की जाए उतनी कम है। पंत के साथ हुआ हादसा जानलेवा भी साबित हो सकता था अगर उनको समय पर सहायता नहीं मिलती और ये मदद दी सुशील और परमजीत ने। एक अच्छे काम को पहचान मिलनी भी उतनी ही जरूरी है इसलिए दोनों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। जब इन दोनों की पंत से अनचाही मुलाकात हुई तब उनकी कार रुड़की के नारसन बॉर्डर पर डिवाइडर से टकरा चुकी थी जिसमें कीपर अकेले ड्राइविंग कर रहे थे।

सुशील और परमजीत को सम्मानित किया
अब ना केवल हरियाणा रोडवेज ने सुशील और परमजीत को सम्मानित किया बल्कि उनको समाज, सोशल मीडिया पर भी तारीफें मिल रही हैं। शायद इन दोनों की मौजूदगी के बिना पंत वहां बच भी ना पाते। दिलचस्प बात ये है पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया कि पंत ने खुद कार की खिड़की का शीशा तोड़ा था लेकिन बाद में पता चला कि उनको हरियाणा रोडवेज के बस ड्राइवर से मदद मिली थी।

कुछ सेकंड बाद ही जलकर खाक हो गई कार
इन दोनों व्यक्तियों की मदद की इस नजरिए से भी समझा जाना चाहिए कि वहां कई ऐसे लोग भी मौजूद थे जो पंत के बैग से बिखरे हुए पैसों को लेकर भाग गए बताए गए हैं। लेकिन सुशील और परमजीत ने पंत को ना केवल बाहर निकाला बल्कि उस कार की चपेट में आने से भी बचा लिया जो पंत के निकलने के महज कुछ सेकंड बाद ही जलकर खाक हो गई।
सुशील जी रियल हीरो
इन दोनों कर्मचारियों को राज्य सरकार भी सम्मानित करेगी। पूर्व क्रिकेटर वीवी एस लक्ष्मण ने भी ट्विटर पर हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया और दोनों की फोटो शेयर की। एक फोटो ड्राइवर और दूसरी कंडेक्टर की है। उन्होंने कहा, "ऋषभ पंत को जलती हुई कार से दूर ले जाने वाले हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुशील कुमार का आभार, उन्हें बेडशीट में लपेट कर एंबुलेंस बुलाई। आपकी निस्वार्थ सेवा के लिए हम आपके बहुत ऋणी हैं, सुशील जी रियल हीरो।"
Recommended Video


दिल्ली ट्रांसफर भी किया जा सकता है
एक और ट्वीट में उन्होंने बस कंडक्टर परमजीत के लिए कहा, ड्राइवर सुशील के साथ बस परमजीत ने भी मदद की। स्वार्थ से परे इन लोगों का बहुत शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मौके पर बड़ा दिल और दिमाग दिखाया। इनका और जितने भी लोगों ने मदद की उनका आभार।
फिलहाल पंत की हालत स्थिर है लेकिन उनके माथे पर दो कट लगे हैं, उनके दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है और उनकी दाहिनी कलाई, टखने और पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है और पीठ पर रगड़ वाली चोट लगी है। फिलहाल पंत मैक्स अस्पताल, देहरादून में हैं लेकिन उनको दिल्ली ट्रांसफर भी किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications